
अगर आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्य हैं और अब तक क्लेम, पासबुक देखने या यूएएन कार्ड जैसी सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाते रहे हैं तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है. सरकार ने UMANG ऐप (Unified Mobile Application for New-age Governance) के ज़रिए EPFO से जुड़ी लगभग सभी ज़रूरी सेवाएं मोबाइल पर ही उपलब्ध करा दी हैं. यानी अब आपके ज्यादातर काम कुछ क्लिक में घर बैठे ही पूरे हो जाएंगे.
घर बैठे करें PF क्लेम
PF निकालने के लिए अब आपको किसी ऑफिस में लाइन लगाने या लंबा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है. उमंग ऐप में लॉगिन करके आप सीधे अपने UAN नंबर के आधार पर क्लेम कर सकते हैं. इसके लिए सिर्फ मोबाइल नंबर और MPIN डालना होता है. अगर आप पहली बार ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सबसे पहले इसमें रजिस्ट्रेशन करना होगा. एक बार लॉगिन हो जाने पर आप घर बैठे आसानी से अपना पीएफ क्लेम कर सकते हैं.
वहीं क्लेम करने के बाद अक्सर सबसे बड़ी दिक्कत होती है यह पता लगाने में कि पैसा किस स्टेज पर है. उमंग ऐप इस परेशानी को भी खत्म करता है. ऐप पर आप अपनी मेंबर आईडी डालकर क्लेम का स्टेटस तुरंत देख सकते हैं. इससे आपको बार-बार ऑफिस या वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती.
आसानी से डाउनलोड करें UAN कार्ड
UAN कार्ड नौकरी बदलने या दूसरी पीएफ सेवाओं के लिए बेहद ज़रूरी होता है. अब इसके लिए वेबसाइट पर भटकने की जरूरत नहीं है. उमंग ऐप में आप सिर्फ अपनी जन्मतिथि डालकर तुरंत अपना UAN कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. चाहें तो इसे PDF फॉर्मेट में सेव करके कहीं भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
कई बार कर्मचारियों को यह जानना होता है कि उनके खाते में कितना बैलेंस है, कितना पैसा जमा हुआ या ट्रांसफर हुआ है. उमंग ऐप में यह सुविधा भी है. आप अपने खाते की पासबुक देख सकते हैं, जिसमें पिछले तीन महीनों का पूरा लेन-देन दर्ज होता है. चाहें तो इसे भी PDF फाइल के रूप में सेव कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें : Jammu-Kashmir के Doda में बादल फटने से तबाही, 3 की मौत, भारी बारिश और बाढ़ का तांडव, बचाव कार्य जारी, 10वीं-11वीं की परीक्षाएं स्थगित
स्कीम सर्टिफिकेट भी ऑनलाइन
नौकरी छोड़ने और बाद में फिर से कहीं जॉब करने की स्थिति में पेंशन लाभ जोड़ने के लिए स्कीम सर्टिफिकेट की जरूरत पड़ती है. अब इसके लिए भी दफ्तरों के चक्कर लगाने की कोई ज़रूरत नहीं है. उमंग ऐप से आप आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
बता दें कि सरकार ने ऐप में सुरक्षा को और मज़बूत करने के लिए Face Authentication Technology (FAT) भी जोड़ दी है. अब पहली बार UAN बनवाने या पुराने UAN को एक्टिव करने की प्रक्रिया और आसान हो गई है. फेस ऑथेंटिकेशन से आपकी पहचान कन्फर्म हो जाती है, जिससे लॉगिन और क्लेम जैसी सेवाएं बिल्कुल सुरक्षित हो जाती हैं.
क्यों है खास UMANG ऐप?
अब कोई भी EPFO सदस्य क्लेम, पासबुक, UAN कार्ड और स्कीम सर्टिफिकेट जैसी सेवाएं घर बैठे कर सकता है.
दफ्तरों के चक्कर, लंबी लाइनें और फॉर्म भरने की झंझट खत्म हो गई है.
सब कुछ सुरक्षित तरीके से सिर्फ मोबाइल पर हो जाता है.
यानी उमंग ऐप ने PF से जुड़े सारे काम बेहद आसान और सुविधाजनक बना दिए हैं. अब कर्मचारियों को दफ्तरों में परेशान होने की बजाय घर बैठे ही अपनी ज़रूरत की हर सेवा मिलेगी. यह ऐप उन लाखों कर्मचारियों के लिए वरदान साबित हो रहा है, जिन्हें पहले छोटी-सी जानकारी के लिए भी बार-बार ऑफिस जाना पड़ता था.