PM Yashasvi Yojna 2026: हर माता-पिता का सपना होता है कि उनका बच्चा पढ़-लिखकर आगे बढ़े, लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से कई छात्र अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते हैं। फीस, किताबें, हॉस्टल और दूसरी जरूरी जरूरतों का खर्च उठाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता है। ऐसे ही होनहार और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद के लिए केंद्र सरकार की 'पीएम यशस्वी स्कॉलरशिप योजना' एक वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत छात्रों को हर साल 75 हजार रुपये से लेकर 1.25 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाती है।
क्या है पीएम यशस्वी योजना?
पीएम यशस्वी योजना केंद्र सरकार की एक छात्रवृत्ति योजना है, जिसे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय संचालित करता है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों के बच्चों को बिना किसी रुकावट के आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है। इस राशि का उपयोग छात्र अपनी फीस, किताबें, स्टेशनरी और हॉस्टल के खर्चों को पूरा करने के लिए कर सकते हैं।
कितनी मिलती है आर्थिक सहायता
योजना के तहत अलग-अलग कक्षाओं के हिसाब से आर्थिक मदद दी जाती है। कक्षा 9 और 10 में पढ़ने वाले छात्रों को 75,000 रुपये प्रति वर्ष की छात्रवृत्ति दी जाती है। कक्षा 11 और 12 के छात्र को 1,25,000 रुपये प्रति वर्ष तक की सहायता मिलती है। इसके अलावा आगे की पढ़ाई या प्रोफेशनल कोर्स करने वाले छात्रों को ट्यूशन फीस, रहने-खाने के खर्च और पढ़ाई के लिए जरूरी गैजेट्स (जैसे लैपटॉप) के लिए भी सहायता दी जाती है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस स्कॉलरशिप का लाभ उठाने के लिए छात्र को ओबीसी (OBC), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (EBC) या विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजाति (DNT) वर्ग से होना चाहिए। साथ ही छात्र के परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा छात्र फिलहाल कक्षा 9 या 11 में पढ़ रहा हो और छात्र जिस स्कूल में पढ़ रहा है, उसका बोर्ड रिजल्ट लगातार 100% होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: UPSSSC Recruitment 2026: हवलदार इंस्ट्रक्टर के पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता और पूरी डिटेल
महत्वपूर्ण तारीखें
आपको बता दें कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2026 तय की गई है। इसके बाद शिक्षण संस्थान द्वारा वेरिफिकेशन 15 सितंबर 2026 तक करेंगे। जबकि मंत्रालय स्तर पर वेरिफिकेशन की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 तय की गई है।
कैसे करें आवेदन?
1. सबसे पहले NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. वहां दिए गए 'Register' के विकल्प पर क्लिक करें।
3. अपना नाम, ईमेल आईडी, जन्मतिथि भरकर नया पासवर्ड बनाएं और रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
4. रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन फॉर्म की PDF डाउनलोड कर लें, जिसमें आपका एप्लीकेशन नंबर होगा।
सीधे बैंक खाते में जाएगी फीस
बता दें कि चयनित छात्रों की छात्रवृत्ति की राशि DBT के जरिए सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे फीस और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्च आसानी से पूरे किए जा सकें।