UP Accident: कासगंज में एक शादी की खुशी कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार और मातम में बदल गई, जब दूल्हे के चचेरे साले ने DJ बंद करने पर गुस्से में बेकाबू होकर अपने ही रिश्तेदारों को कार से कुचल डाला। यह दर्दनाक घटना बुधवार देर रात कादरगंज रोड स्थित जेडएस पैलेस गेस्ट हाउस के बाहर हुई। आंखों के सामने हुए इस हादसे ने समारोह में मौजूद हर व्यक्ति को दहशत में डाल दिया। बताया जा रहा है कि रात करीब तीन बजे DJ बंद किए जाने पर आरोपी कौशल यादव आपा खो बैठा। इसके बाद उसने गाड़ी स्टार्ट की और बाहर खड़े बारातियों को निशाना बनाते हुए तेज रफ्तार से कार चढ़ा दी। घटना में दूल्हे के ताऊ, चाचा और मौसा की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गाड़ी चढ़ाने से पहले झगड़ा
जानकारी के मुताबिक गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के नगला मंशा गांव में रहने वाले विकास यादव की बारात जेडएस पैलेस पहुंची थी। रस्मों के बाद रात दो बजे तक DJ पर डांस चला, लेकिन तीन बजे DJ बंद कर दिया गया। इसी बात पर दूल्हे का चचेरा साला कौशल यादव भड़क गया। पहले गाली-गलौच हुई, फिर धक्का-मुक्की। परिजन उसे शांत कराने पहुंचे, लेकिन वह और उग्र हो गया। गुस्से में उसने अपनी इको कार UP-87 AQ 9745 स्टार्ट की और पांच लोगों पर चढ़ा दी। इतना ही नहीं, उसने कार रिवर्स कर दोबारा लोगों को रौंदा। CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक युवक लगभग 50 मीटर तक कार के बोनट पर घसीटता रहा।
यह भी देखेंःPutins India visit: पुतिन के भारत दौरे में क्या है सबसे बड़ा दांव? मोदी–पुतिन की रणनीति पर दुनिया की नजर
शादी में मचा हड़कंप
मरने वालों में दूल्हे के ताऊ सुरेश चंद्र, चाचा गिरीश चंद्र और मौसा ब्रजेश शामिल हैं। हादसा होते ही जश्न के बीच चीखें गूंज उठीं। दुल्हन रोने लगी और दूल्हा सदमे में चला गया। शादी में मौजूद पटियाली की सपा विधायक नादिरा सुलतान भी इस घटना से हतप्रभ रह गईं। हादसे के बाद आरोपी कौशल अपने पिता रामचंद्र को साथ लेकर कार से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों को तलाश में लगा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा। पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV वीडियो के बाद और भी गंभीर हो गया है।