
UP Crime News: सिवालखास क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब तीन मासूम बच्चों के शव एक निर्माणाधीन कॉलोनी में बरसात के पानी में पड़े मिले। मृतकों में आठ वर्षीय रितिक, नौ वर्षीय मानवी और आठ वर्षीय शिवांश शामिल हैं, जो रविवार सुबह से लापता थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चों की हत्या कर उनके शव पानी में फेंक दिए गए। तीनों बच्चे एक साथ सुबह खेलने निकले थे लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे, जिसके बाद स्वजन और पुलिस ने संयुक्त रूप से उनकी तलाश शुरू की थी।
बरसात के पानी में मिले शव, डूबने की जताई जा रही आशंका
पुलिस को सोमवार सुबह बच्चों के शव गांव के बाहरी हिस्से में एक निर्माणाधीन कॉलोनी में बरसात के पानी में मिले। यह पानी नींव की खुदाई में जमा हो गया था, जिसकी गहराई करीब चार फीट थी। बच्चों के शव उसी में पड़े थे, जिनमें से एक का हिस्सा पानी से बाहर दिखने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शव बरामद किए। शवों पर किसी तरह के चोट या निशान नहीं मिले, जिससे पुलिस इसे डूबने से मौत का मामला मान रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी देखेंःLawyers Strike: हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर वकीलों का बड़ा ऐलान: मेरठ सहित 22 जिलों में हड़ताल आज
परिजनों का तांत्रिक क्रिया की ओर इशारा, जांच में जुटी पुलिस
तीनों परिवारों ने बच्चों की मौत के पीछे तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई है। परिजनों का दावा है कि बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाकर उनकी बलि दी गई और फिर शव पानी में फेंक दिए गए। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। पूरे गांव में घटना को लेकर भय और शोक का माहौल है।