UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी सहायक भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है। एसटीएफ को असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा में धांधली और अवैध धन वसूली का पता चला था, जिसके बाद यूपी सरकार की ओर से परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया। यह परीक्षा अप्रैल 2025 में विभिन्न विषयों में करीब 1017 पदोंके लिए आयोजित की गई थी, जिसमें लाखों अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
गोपनीय जांच के दिए थे निर्देश
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 16 और 17 अप्रैल 2025 को आयोजित की गई थी। लेकिन गोपनीय जांच और डेटा एनालिसिस में धांधली की पुष्टि होने के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपनीय जांच के निर्देश दिए थे।
गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया
एसटीएफ को परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली, पेपर लीक और अवैध धन वसूली के पुख्ता सबूत मिले थे। जांच में खुलासा हुआ कि संगठित गिरोह अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर अनुचित लाभ पहुंचा रहे थे। 20 अप्रैल 2025 को एसटीएफ ने फर्जी प्रश्नपत्र बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस मामले में लखनऊ के विभूतिखंड थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपे जाने के बाद शासन ने परीक्षा रद्द करने का आदेश जारी किया। सरकार ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी सहन नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: BSEB 10th Admit Card 2026: बिहार बोर्ड 10वीं परीक्षा का एडमिट कार्ड हुआ जारी, जान लें कहां से मिलेगा
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और एसटीएफ जांच जारी रहेगी। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग को निर्देशित किया है कि उपरोक्त परीक्षा का आयोजन जल्द से जल्द पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करवाया जाए। नई एग्जाम डेट की घोषणा आयोग की ओर से जल्द ही की जाएगी।
अभ्यर्थियों में इस फैसले से निराशा
यह कदम योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति का हिस्सा है। पहले भी आरओ/एआरओ, पुलिस भर्ती और अन्य परीक्षाओं में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की गई है। अभ्यर्थियों में इस फैसले से थोड़ी निराशा है, क्योंकि वे लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अधिकांश ने सरकार के इस निर्णय की प्रशंसा की है। इससे भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता मजबूत होगी और वास्तव में योग्य अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा।