Home Guard Recruitment Exam 2026: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ा अपडेट है। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड के 41,424 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। जो भी उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, वे UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर एग्जाम शेड्यूल चेक कर सकते हैं। जारी शेड्यूल के अनुसार होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा का आयोजन अप्रैल 2026 में किया जाएगा।
इस दिन होगी परीक्षा
आपको बता दें कि बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन कुल तीन पालियों में किया जाएगा। यानी हर दिन दो पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में सिर्फ सामान्य ज्ञान से ही 100 सवाल पूछें जाएंगे। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान, भारत का इतिहास, भारतीय संविधान, भारतीय अर्थव्यवस्था एवं संस्कृति, भारतीय कृषि, वाणिज्य एवं व्यापार, जनसंख्या,पर्यावरण एवं नगरीकरण, भारत का भूगोल, उ०प्र० के प्राकृतिक संसाधन से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे की होगी।
यह भी पढ़ें: IOCL JE Result 2025 OUT: इंडियन ऑयल जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित, इस लिंक से करें चेक
25.30 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए
बता दें कि बोर्ड के मुताबिक होमगार्ड बनने के लिए 25.30 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं, हालांकि इसका फैसला बोर्ड द्वारा बाद में लिया जाएगा। परीक्षा पूरी तरह ऑफलाइन होगी। लिखित परीक्षा के बाद भर्ती बोर्ड द्वारा मेरिट लिस्ट और कटऑफ जारी की जाएगी। जिसे पास करने वाले उम्मीदवार भर्ती के अगले चरण में शारीरिक मानक परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में शामिल होंगे।
पुरुष और महिलाओं की दौड़ अलग-अलग
आपको बता दें कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष और महिलाओं की दौड़ अलग-अलग होगी। पुरुष उम्मीदवारों को 4.8 किमी की दौड़ 28 मिनट में लगानी होगी। वहीं महिलाओं को 2.4 किमी की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी होगी। दौड़ पूरी करने वाले उम्मीदवार मेडिकल स्टेज के लिए चयनित होंगे।