UP lakhimpur farmers lathicharge:लखीमपुर खीरी जिले में यूरिया खाद की किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब शंकरपुर समिति पर खाद वितरण रोक दिया गया. बुधवार को नाराज किसानों ने सड़क पर हंगामा किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस से झड़प हो गई. पुलिस ने हालात संभालने की जगह लाठीचार्ज कर दिया. फरधान थाना क्षेत्र की एक समिति पर खाद लेने आए युवक जितेंद्र और उसके भाई को उनकी मां के सामने ही पीटा गया. इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया.
डीएम ने दी सफाई, खाद पर्याप्त होने का दावा
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है. पहले कुछ समय के लिए आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है. किसानों को उनकी खतौनी के आधार पर खाद दी जा रही है ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सके. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त निगरानी की जाए और वितरण में पारदर्शिता रखी जाए.
खाद तस्करी पर भी उठे सवाल, मंत्री ने दिए जांच के आदेश
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भी लखीमपुर दौरे पर अधिकारियों से खाद स्टॉक की जानकारी ली. उन्होंने नेपाल सीमा से लगे जिलों में खाद की तस्करी की आशंका जताई है और स्टॉक व वितरण की जांच के निर्देश दिए हैं. मंत्री ने कहा कि जो भी डीलर गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि छोटे किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार समय पर खाद मिल सके.