UP Panchayat Chunav:उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 को लेकर तैयारियों का आगाज हो गया है. शासन ने शुक्रवार से चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए एक विस्तृत समय-सारणी जारी की है. इसके तहत 18 जुलाई से 22 जुलाई 2025 तक प्रदेश की ग्राम पंचायतों की जनसंख्या का आकलन किया जाएगा. यह प्रक्रिया पंचायत परिसीमन के लिए आधार बनेगी। प्रमुख सचिव अनिल कुमार द्वारा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समयबद्ध तरीके से पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराएं. विशेष रूप से उन क्षेत्रों में, जहां नगर निगम, नगर पालिका या नगर पंचायत का गठन या सीमा विस्तार हुआ है, वहां परिसीमन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं.
सीमा विस्तार से बदलेगी पंचायतों की तस्वीर
लखनऊ जिले के मलिहाबाद विकास खंड की तीन ग्राम पंचायतें — सरावां, मुजासा और फिरोजपुर — अब नगर निगम सीमा में शामिल हो चुकी हैं. डीपीआरओ जितेंद्र कुमार गोंड़ के अनुसार, इसके चलते पहले क्षेत्र पंचायत के वार्डों और फिर जिला पंचायत के वार्डों का परिसीमन किया जाएगा. इस तरह की स्थिति अन्य जिलों में भी सामने आ सकती है जहां शहरी क्षेत्रों का विस्तार हुआ है. इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे क्षेत्रों में परिसीमन को समय रहते पूरा करना जरूरी है.
पंचायत चुनाव की तय हुई समय-सारणी
18 से 22 जुलाई तक जनसंख्या का आकलन
23 से 28 जुलाई तक निर्वाचन क्षेत्रों की प्रस्तावित सूची का प्रकाशन
29 जुलाई से 2 अगस्त तक आपत्तियां दर्ज की जाएंगी
3 से 5 अगस्त तक आपत्तियों का निस्तारण
6 से 10 अगस्त के बीच अंतिम सूची का प्रकाशन
चुनाव की तैयारी में तेजी लाते हुए प्रशासन ने कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी है ताकि आगामी पंचायत चुनाव तय समय पर निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके.