उत्तर प्रदेश में पीजीटी यानी प्रवक्ता पद पर सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 2,607 पीजीटी पदों के लिए भर्ती निकाली है। आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी और लिखित परीक्षा 15 व 16 दिसंबर को प्रस्तावित है।
पहले ओटीआर करना होगा
इस भर्ती में आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी ओटीआर पूरा करना जरूरी है। ओटीआर के बिना पीजीटी का आवेदन फॉर्म नहीं भरा जा सकेगा। आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर और फॉर्म में बदलाव की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर 2026 रखी गई है। एक विषय और एक वर्ग के लिए केवल एक आवेदन किया जा सकेगा। खास बात यह है कि फॉर्म जमा होने के बाद जन्मतिथि, वर्ग और जेंडर जैसी जानकारी में बदलाव की सुविधा नहीं होगी। इसलिए आवेदन करते समय जानकारी ध्यान से भरनी होगी।
उम्र और वेतन की जानकारी
पीजीटी भर्ती के लिए 1 जुलाई 2026 को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 21 साल होनी चाहिए। अधिकतम उम्र सीमा 62 साल तय की गई है। चयन होने पर लेवल-8 के तहत वेतन मिलेगा, जिसमें 47,600 रुपये से लेकर 1,51,100 रुपये तक का वेतनमान है। इसके अलावा नियमों के अनुसार दूसरे भत्ते भी मिलेंगे।
ऐसा रहेगा परीक्षा का पैटर्न
लिखित परीक्षा में कुल 120 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। इनमें 30 सवाल सामान्य ज्ञान और 90 सवाल संबंधित विषय से होंगे। पेपर कुल 360 अंकों का होगा और इसे हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। हर सही जवाब पर 3 अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर या एक से ज्यादा विकल्प भरने पर 1 अंक काटा जाएगा। लिखित परीक्षा के बाद साक्षात्कार के 40 अंक भी चयन प्रक्रिया में जोड़े जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : दिशा सालियान केस में अब खुलेगी जांच की नई फाइल, CBI के सामने ये बड़े सवाल
आरक्षण और आवेदन शुल्क भी जान लें
आरक्षण का लाभ उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को नियमों के अनुसार मिलेगा। दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों को सामान्य वर्ग में रखा जाएगा। ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान बताया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन, पूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों को भी लागू नियमों के अनुसार आरक्षण मिलेगा। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 1,500 रुपये, एससी-एसटी के लिए 750 रुपये और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये है। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में अपनी योग्यता और दस्तावेजों की शर्तें जरूर देख लें।