UP Police Recruitment 2026: पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। जी हां दरअसल, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से कई पदों पर सीधी भर्ती के लिए बड़ी घोषणा की गई है। इस भर्ती के तहत कुल 1933 पदों को भरा जाएगा। इस बार भर्ती प्रक्रिया में अलग-अलग पद शामिल किए गए हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 1933 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिन्हें अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। जिसमें पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के लिए कुल 537 पद, कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के लिए 1352 पद, सहायक परिचालक के लिए 44 पद शामिल हैं। इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण के आधार पर होगा।
यह भी पढ़ें: MPPSC Vacancy: एमपीपीएससी ने साइंटिफिक ऑफिसर के पदों पर निकाली भर्ती, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन
कब होगी परीक्षा
भर्ती बोर्ड के अनुसार, इन सभी पदों के लिए लिखित परीक्षा अक्टूबर से नवंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक इसके लिए तारीखों को ऐलान नहीं किया है। इसके लिए अलग से ऑफिशियल नोटिस जारी की जाएगी।
कैसे पाएं पूरी जानकारी?
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आधिकारिक विज्ञप्ति के लिए उसकी आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। चूंकि परीक्षा में अभी पर्याप्त समय है, अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने सिलेबस को समय पर पूरा करें और नियमित अभ्यास शुरू कर दें। एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ दिन पहले ही आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।