उत्तर प्रदेश सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का फैसला किया है। वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना को मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई के दौरान आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराना है।
किन छात्राओं को मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ केवल उत्तर प्रदेश की मूल निवासी छात्राओं को मिलेगा। सरकारी या निजी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं पात्र होंगी। प्रत्येक संस्थान के पास-आउट बैच की टॉप 5% मेधावी छात्राओं का चयन किया जाएगा। इसके अलावा, परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। दिव्यांग, निराश्रित और शहीद परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
स्कूटी के साथ क्या मिलेगा?
योजना के तहत छात्राओं को सिर्फ स्कूटी ही नहीं, बल्कि 5 लीटर मुफ्त पेट्रोल, हेलमेट, आरटीओ रजिस्ट्रेशन और बीमा की सुविधा भी दी जाएगी। इससे छात्राओं को शुरुआत में किसी अतिरिक्त खर्च का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें : Trump के Tariff ऐलान से फार्मा शेयरों में बड़ी गिरावट, भारतीय कंपनियों पर बढ़ी चिंता
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करते समय आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, 10वीं, 12वीं और स्नातक की मार्कशीट, कॉलेज आईडी, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर की जरूरत होगी। सभी दस्तावेज सही और अपडेट होने चाहिए।
कैसे करें आवेदन?
छात्राएं उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। पोर्टल पर जाकर 'Rani Laxmibai Scooty Yojana' विकल्प चुनना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर, आधार और रोल नंबर से रजिस्ट्रेशन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन के बाद कॉलेज या विश्वविद्यालय मेरिट और दस्तावेजों का सत्यापन करेगा।
चयन कैसे होगा?
कॉलेज की ओर से सत्यापन के बाद पात्र छात्राओं की सूची विभाग को भेजी जाएगी। इसके आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। चयनित छात्राओं को सरकारी समारोह में स्कूटी, उसके दस्तावेज और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।