UP Video Viral: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है. नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) सुरेंद्र प्रताप सिंह एक निजी समारोह में नागिन धुन पर जोरदार डांस करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि ईओ सुरेंद्र प्रताप सिंह फ्लोर पर लेट-लेटकर नागिन की तरह रेंगते हुए और जोशीले अंदाज में ठुमके लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह नजारा शिकोहाबाद के एक होटल में आयोजित निजी कार्यक्रम का है, जिसमें मौजूद लोग उनके डांस पर तालियां बजाते और हंसते दिख रहे हैं.
बीन बजाते दिखे सभासद, दर्शकों ने बजाई तालियां
इस वायरल वीडियो में एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि समारोह में मौजूद सभासद हृदय राम सपेरे की भूमिका निभाते हुए बीन की धुन बजाते नजर आ रहे हैं. उनका यह अभिनय ईओ के नागिन डांस को और भी मनोरंजक बना देता है. सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और लाखों लोग इसे देख चुके हैं. जहां कुछ यूजर्स ने इस डांस को मनोरंजन का जरिया बताया, वहीं कुछ ने इसे सरकारी अधिकारी की गरिमा के खिलाफ भी करार दिया.
यह भी पढ़ेंःNimisha priya case:निमिषा प्रिया पर फिर फांसी का खतरा, यमनी युवक के परिवार ने ब्लड मनी से किया इनकार
प्रशासन ने शुरू की जांच, नहीं हुई कोई शिकायत दर्ज
वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद मामला प्रशासन की नजर में आ गया है और जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि अभी तक सूरजपुर थाना पुलिस के पास इस मामले को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है. फिर भी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को आधार बनाकर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है.