उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से छाए घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। सड़कों पर दृश्यता कम होने से आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी बीच मौसम को लेकर एक बड़ा बदलाव सामने आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले 48 घंटों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इससे रात की ठंड में कुछ राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में जो लगातार गिरावट देखी जा रही थी वह अब थम जाएगी। हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण प्रदेश के कई इलाकों में अगले एक से दो दिनों में तापमान दो से चार डिग्री तक बढ़ सकता है। खासतौर पर मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ठंड का असर थोड़ा कम हो सकता है।
मध्य यूपी में दिखा शीतलहर का असर
बीती रात हरदोई अमेठी अयोध्या और बाराबंकी जैसे जिलों में आंशिक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह स्थिति ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहेगी। हवा के रुख में बदलाव के साथ ठंड का असर धीरे धीरे कम होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Russia Oil खरीद पर भारत पर लगेगा 500 प्रतिशत Tariff? Trump के मंत्री के बयान से बढ़ी हलचल, जानिए America का अगला कदम
22 जनवरी से बारिश की शुरुआत
मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। यह बारिश एक से दो दिन तक जारी रह सकती है। 23 से 26 जनवरी के बीच मेरठ बागपत हापुड़ सहारनपुर मुजफ्फरनगर शामली मुरादाबाद बिजनौर रामपुर अमरोहा संभल और आसपास के जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इससे ठंड में फिर से इजाफा हो सकता है।
उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 26 जनवरी के बीच चमोली बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण ठंड बढ़ सकती है।
दिल्ली एनसीआर में कोहरा और आंधी की संभावना
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 20 जनवरी को उत्तर दिल्ली पश्चिम दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में कोहरा छाया रह सकता है। वहीं 23 जनवरी को गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज हवाओं और आंधी की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।