आज के दौर में UPI पेमेंट लोगों की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। सब्जी खरीदने से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग तक, हर जगह डिजिटल भुगतान आम हो गया है। लेकिन कई बार नेटवर्क की दिक्कत, मोबाइल डेटा खत्म होने या स्मार्टफोन न होने की वजह से UPI पेमेंट अटक जाता है। ऐसी स्थिति में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी समस्या को देखते हुए अब एक ऐसी सुविधा दी गई है, जिसके जरिए बिना इंटरनेट और बिना स्मार्टफोन के भी UPI पेमेंट किया जा सकता है। इसके लिए सिर्फ फोन में एक खास नंबर डायल करना होता है।
कैसे काम करता है बिना इंटरनेट वाला UPI
बिना इंटरनेट UPI पेमेंट के लिए *99# नाम की एक खास सेवा दी गई है। यह सुविधा मोबाइल नेटवर्क पर काम करती है, इसमें डेटा या वाई-फाई की जरूरत नहीं होती। इस सेवा का इस्तेमाल की-पैड फोन और स्मार्टफोन दोनों में किया जा सकता है। जरूरी बस इतना है कि जिस मोबाइल नंबर से *99# डायल किया जा रहा है, वही नंबर बैंक खाते से लिंक हो। इसके साथ ही UPI पिन याद होना भी जरूरी है, क्योंकि हर लेन-देन पिन डालने के बाद ही पूरा होता है। यह सेवा खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत है, जो कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में रहते हैं।
ये भी पढ़ें : America-Venezuela टकराव का असर, नए साल में सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल
*99# डायल करने के बाद क्या करना होगा
अगर आपके फोन में इंटरनेट नहीं है, तो डायल पैड खोलकर *99# डायल करें। इसके बाद स्क्रीन पर सबसे पहले भाषा चुनने का विकल्प आएगा। भाषा चुनने के बाद आपको अपना बैंक सेलेक्ट करना होगा या फिर बैंक के IFSC कोड के शुरुआती चार अक्षर डालने होंगे। बैंक चुनते ही जरूरी निर्देश स्क्रीन पर दिखेंगे। इसके बाद पैसे भेजने, पैसे मंगाने या बैलेंस चेक करने जैसे विकल्प मिलेंगे। सही ऑप्शन चुनकर रकम डालें और आखिर में UPI पिन डालते ही पेमेंट पूरा हो जाएगा। इसी तरीके से आप बैलेंस चेक और पिन से जुड़े काम भी कर सकते हैं।
की-पैड फोन यूजर्स के लिए बड़ी राहत
आज भी देश में बड़ी संख्या में लोग, खासकर बुजुर्ग और ग्रामीण इलाकों के लोग, की-पैड फोन का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे यूजर्स के लिए *99# सेवा बेहद फायदेमंद है। कम नेटवर्क वाले इलाकों में भी यह सुविधा काम करती है, क्योंकि इसमें सिर्फ मोबाइल सिग्नल की जरूरत होती है। सुरक्षा के लिहाज से भी यह तरीका भरोसेमंद है, क्योंकि हर ट्रांजैक्शन UPI पिन से ही पूरा होता है। यानी बिना इंटरनेट के भी अब डिजिटल भुगतान आसान, सुरक्षित और हर किसी की पहुंच में है।