भारत में UPI अब सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। सब्जी वाले से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग, बिल पेमेंट और पैसे ट्रांसफर तक हर जगह UPI का इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में फरवरी 2026 से लागू हुए नए नियम सीधे तौर पर करोड़ों यूजर्स को प्रभावित करेंगे। इन बदलावों को भारतीय रिजर्व बैंक और NPCI ने मिलकर लागू किया है, ताकि पेमेंट सिस्टम ज्यादा तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बन सके।
अब UPI ट्रांजेक्शन होगा पहले से ज्यादा तेज
नए नियमों के तहत UPI पेमेंट और उससे जुड़े API रिस्पॉन्स को अब 10 सेकंड के अंदर पूरा करना जरूरी कर दिया गया है। पहले यह सीमा 30 सेकंड तक की थी, जिस वजह से कई बार ट्रांजेक्शन अटक जाते थे। अब फायदा यह होगा कि पेमेंट जल्दी पूरा होगा, ‘Pending’ या ‘Processing’ में फंसे ट्रांजेक्शन कम होंगे और सेल या महीने के आखिर जैसे व्यस्त समय में भी सिस्टम बेहतर तरीके से काम करेगा। इससे ग्राहकों के साथ दुकानदारों को भी राहत मिलेगी।
API क्या है और इससे आपको क्या फायदा होगा
API यानी एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस। आसान भाषा में कहें तो यह UPI ऐप और बैंक के बीच बातचीत का जरिया है। जब आप पेमेंट करते हैं, तो ऐप बैंक से बैलेंस की पुष्टि करता है और फिर सामने वाले बैंक को पैसे भेजने का संदेश देता है। अब API को तेज किया गया है, जिससे यह बातचीत जल्दी होगी और आपका पेमेंट स्मूथ तरीके से पूरा हो जाएगा।
ये भी पढ़ें : संसद में सियासी संग्राम: लोकसभा में बिना पीएम भाषण के पास हुआ धन्यवाद प्रस्ताव, राज्यसभा में शाम 5 बजे जवाब
सुरक्षा बढ़ी, यूजर्स को मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
फरवरी 2026 के नए UPI नियमों में सुरक्षा पर खास ध्यान दिया गया है। बड़े अमाउंट के लेनदेन से पहले साफ कन्फर्मेशन दिखेगा। ऑटो पेमेंट और सब्सक्रिप्शन के लिए भी सुरक्षा को मजबूत किया गया है। अब यूजर आसानी से अपनी सब्सक्रिप्शन देख, मैनेज और जरूरत पड़ने पर कैंसल कर पाएंगे। इससे गलत कटौती और धोखाधड़ी की संभावना काफी हद तक कम होगी।
लंबे समय से यूज न हुई UPI ID पर लग सकती है रोक
अगर आपकी कोई UPI ID लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं है, तो उसे अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है। ऐसी ID को ‘डॉरमेंट UPI ID’ कहा जाएगा। दोबारा इस्तेमाल के लिए यूजर को री-वेरिफिकेशन करना होगा। इसका मकसद पुराने और भूले हुए अकाउंट्स के गलत इस्तेमाल को रोकना है। इसके अलावा, अगर कोई ट्रांजेक्शन फेल होता है, तो बैंक और ऐप्स को कुछ घंटों में साफ जानकारी देनी होगी कि पैसा कटा या नहीं और कब वापस मिलेगा।
UPI का बढ़ता दबदबा, भारत से दुनिया तक
सरकार के मुताबिक चालू वित्त वर्ष में दिसंबर तक UPI के जरिए करीब 230 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है, जो पिछले सालों से कहीं ज्यादा है। यह दिखाता है कि लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। UPI अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि भूटान, फ्रांस, नेपाल, सिंगापुर और यूएई जैसे कई देशों में भी इस्तेमाल हो रहा है। IMF और ACI Worldwide की रिपोर्ट्स के अनुसार, UPI दुनिया की सबसे बड़ी रियल-टाइम डिजिटल पेमेंट सिस्टम बन चुका है।