UPSSSC Jobs 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। दरअसल, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पशुपालन विभाग में पशुधन प्रसार अधिकारी के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 1251 पदों को भरा जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू होगी। आवेदन शुरू होने के बाद इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
9 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
UPSSSC की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार इस भर्ती का विज्ञापन 10 अगस्त 2026 को जारी किया गया। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 29 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं आवेदन में संशोधन के लिए 6 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।
इन पदों पर होगी भर्ती
आपको बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 1251 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसमें 1248 पद पशुधन प्रसार अधिकारी के सामान्य भर्ती के हैं, जबकि 3 पद विशेष चयन के तहत है। सामान्य वर्ग के लिए 500 पद, 254 एससी, 25 एसटी, 345 ओबीसी और 144 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए पद निर्धारित है।
आयु सीमा
आयु सीमा की बात करें तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं आरक्षित वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता
पशुधन प्रसार अधिकारी पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 12वीं परीक्षा बायोलॉजी ग्रुप के साथ पास होना जरूरी है। इसके साथ किसी विधि से स्थापित पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय या पशु चिकित्सा महाविद्यालय से 2 वर्षीय पशुधन प्रसार डिप्लोमा होना चाहिए। उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान भी होना जरूरी है।
PET 2025 जरूरी
बता दें कि इस भर्ती में वहीं उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जो UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी पीईटी 2025 में हिस्सा लिया हो और उनके पास आयोग की ओर से जारी वैलिड पीईटी स्कोरकार्ड हो। इस स्कोर के आधार पर उम्मीदवार को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।