
अमेरिका ने एक बार फिर साफ किया है कि भारत और पाकिस्तान दोनों उसके करीबी दोस्त हैं और इन रिश्तों में कोई बदलाव नहीं आया है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय (स्टेट डिपार्टमेंट) की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उसके राजनयिक लगातार इस दिशा में सक्रिय हैं. यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने फ्लोरिडा में एक विवादित टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि अगर पाकिस्तान को किसी बड़े खतरे का सामना करना पड़ा, तो वह भारत और “आधी दुनिया” को निशाना बनाने के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है.
ये भी पढ़ें : Anurag Thakur का Rahul Gandhi पर वार, 90 हार का रिकॉर्ड, EVM और EC पर Blame Game पर जबरदस्त पलटवार
भारत - पाक के बीच मध्यस्थता कि बात दोहराई
टैमी ब्रूस ने अपनी ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिका पहले भी भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने में अहम भूमिका निभा चुका है. उन्होंने दावा किया कि जब हालात बिगड़ने वाले थे, तब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मिलकर स्थिति संभाली थी. उन्होंने बताया कि अमेरिकी नेतृत्व ने फोन कॉल और सीधी बातचीत के जरिए दोनों देशों के बीच हमलों को रोका और ऐसा रास्ता बनाया जिससे लंबे समय तक शांति बनी रही. ब्रूस ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे शीर्ष नेताओं ने एक संभावित बड़ी तबाही को टालने में सफलता हासिल की.”
अमेरिका का यह बयान इस बात का संकेत है कि वाशिंगटन, भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी तनाव को कम करने और दोनों देशों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने की नीति पर आगे भी कायम रहेगा.