अमेरिका में H-1B और H-4 वीजा धारकों के लिए जल्द ही नई सोशल मीडिया चेक पॉलिसी लागू होने वाली हैं. अमेरिका की इस नई पॉलिसी ने भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स और उनके परिवारों की मुश्किलें पहले से ही बढ़ा रखी हैं. अमेरिकी विदेश विभाग (DoS) ने 15 दिसंबर 2025 से सभी H-1B वीजा अप्लिकेंट्स और उनके H-4 आश्रितों (पति/पत्नी व बच्चे) पर अनिवार्य सोशल मीडिया स्क्रीनिंग लागू करने का निर्णय ले लिया है. इस फैसले के बाद देशभर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों में कई हजार अपॉइंटमेंट्स रद्द किए जा चुके हैं और नए इंटरव्यू महीनों तक के लिए स्थगित कर दिए गए हैं.
दिसंबर में होने वाले कई इंटरव्यू हुए कैंसिल
इमीग्रेशन वकीलों के मुताबिक हैदराबाद और चेन्नई जैसे प्रमुख भारतीय वाणिज्य दूतावासों में दिसंबर के मध्य से अंत तक निर्धारित कई इंटरव्यू कैंसिल कर दिए गए हैं. यही नहीं कई मामलों में तो इसे अगले साल मार्च तक के लिए टाल दिया गया है. इस बदलाव से प्रभावित होने वाले लोगों में नए जॉब लेने वाले पेशेवर, शादी में शामिल होने आए परिवार या सर्दियों के मौसम में अपने माता-पिता को अमेरिका छोड़ने आए लोग शामिल हैं.
ये भी पढ़ें : क्या सिर्फ गेम खेलकर बना डाला 1200 करोड़? GST की छापेमारी में सामने आया चौंकाने वाला सच
कम इंटरव्यू, अपॉइंटमेंट रद्द
वकीलों का कहना है कि सोशल मीडिया स्क्रीनिंग के चलते अमेरिकी दूतावास अब हर दिन कम ही लोगों के इंटरव्यू कर रहे हैं. इसका सबसे बड़ा असर ये पड़ा है कि पूर्व निर्धारित अपॉइंटमेंट्स अचानक रद्द हो कर दी गई हैं. नई गाइडलाइन के मुताबिक सभी H-1B व उनके आश्रितों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को “पब्लिक” करना अनिवार्य है, ताकि अधिकारी उनकी ऑनलाइन गतिविधियों की जांच कर सकें.
यात्रा अलर्ट और जोखिम
इन सबके बीच कई इमीग्रेशन लॉ फर्म्स ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगर कोई विदेशी नागरिक जरूरी नहीं है, तो अंतरराष्ट्रीय यात्रा ना करें. वहीं कुछ मामलों में अमेरिका में पहले से मौजूद वीजा धारकों के वीजा को सोशल मीडिया पोस्ट्स के आधार पर रद्द किए जाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. आपको याद दिला दें कि मई 2025 में अमेरिकी विदेश विभाग ने छात्र और एक्सचेंज विज़िटर वीजा (F, M, J) के लिए नए इंटरव्यू शेड्यूलिंग पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी थी, जबकि सोशल मीडिया स्क्रीनिंग गाइडलाइन को अपडेट किया गया. अब H-1B और H-4 वीजा धारकों के लिए भी इसी तरह कड़ी जांच लागू हो गई है.