UP Rajya Sabha Election : उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में चर्चाएं तेज हो गई हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर पार्टी के भीतर मंथन शुरू हो चुका है। माना जा रहा है कि बीजेपी के खाते में अधिकतम 8 सीटें जा सकती हैं, ऐसे में पुराने और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगा।
कई सांसदों का कार्यकाल हो रहा खत्म
बीजेपी के जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है, उनमें अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। इसके अलावा दिनेश शर्मा के उपराज्यपाल बनने के बाद उनकी सीट पहले से खाली है। अब पार्टी को तय करना है कि इनमें से किन नेताओं को दोबारा मौका दिया जाए।
स्मृति ईरानी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। हाल ही में उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेज सकती है। हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है।
ये भी पढ़ें : तंबाकू नहीं, लेकिन खतरा बड़ा, युवाओं में बढ़ रहे निकोटीन पाउच पर सरकार का सख्त वार
इन नेताओं पर भी टिकी नजर
बीएल वर्मा और हरदीप सिंह पुरी के नाम भी संभावित उम्मीदवारों में बताए जा रहे हैं। दोनों केंद्र सरकार में मंत्री हैं और अगर आगे भी उनकी जिम्मेदारियां बनी रहती हैं तो उन्हें फिर राज्यसभा भेजा जा सकता है। वहीं हरिश द्विवेदी, सीमा द्विवेदी, गीता शाक्य और बृजलाल के नाम भी चर्चा में बने हुए हैं।
नीरज शेखर और अरुण सिंह भी दौड़ में
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। अब उनके भविष्य को लेकर भी चर्चा जारी है। वहीं लंबे समय तक संगठन में अहम भूमिका निभाने वाले अरुण सिंह का नाम भी संभावित दावेदारों में गिना जा रहा है।
नए चेहरों को भी मिल सकता है मौका
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार बीजेपी इस बार कुछ नए चेहरों को भी संसद भेज सकती है। माना जा रहा है कि संभावित 8 सीटों में 4 से 5 सीटों पर नए नेताओं को मौका दिया जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है और उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।