जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट एक बार फिर आकर्षण का केंद्र रहेगा। भारतीय पुरुष टीम अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगी। टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, लेकिन सबसे ज्यादा नजरें 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी। आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके वैभव पहली बार एशियन गेम्स में खेलेंगे।
38 मैचों में 143 छक्कों से मचाया धमाल
वैभव सूर्यवंशी का टी20 रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 4 शतक और 7 अर्धशतकों की मदद से 1569 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 121 चौके और 143 छक्के निकले हैं। बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज की सबसे बड़ी ताकत पावरप्ले में तेजी से रन बनाना है। पहले छह ओवर में ही मैच का रुख बदल देने की उनकी क्षमता उन्हें टीम इंडिया का बड़ा मैच विनर बनाती है।
सीधे क्वार्टर फाइनल में उतरेगा भारत
एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को आईसीसी रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। भारतीय पुरुष टीम अपना पहला मुकाबला क्वालिफायर टीम के खिलाफ खेलेगी। वहीं महिला टीम क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान से भिड़ेगी। पुरुष वर्ग के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक और महिला वर्ग के मुकाबले 17 से 22 सितंबर तक खेले जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : Commonwealth Games में भारत को बड़ा झटका, पदक की दावेदार Tulika Maan निलंबित, टूर्नामेंट से हुईं बाहर
डबल गोल्ड बचाने की चुनौती
हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता था। इस बार भी टीम इंडिया से उसी प्रदर्शन की उम्मीद है। पुरुष टीम में श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, ईशान किशन, रिंकू सिंह, वैभव सूर्यवंशी, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी। भारत की नजर लगातार दूसरी बार क्रिकेट में डबल गोल्ड जीतने पर रहेगी।