14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतकर लौटे हैं और अब उनका फोकस आईपीएल 2026 पर है। इसी बीच खबरें सामने आईं कि वह इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा देने वाले हैं और उनका एडमिट कार्ड भी जारी हो गया है। सीबीएसई की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। हालांकि अब साफ हो गया है कि वैभव इस बार बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे।
सूत्रों ने क्या बताया
करीबी सूत्रों के अनुसार वैभव सूर्यवंशी ने 10वीं की परीक्षा के लिए फॉर्म जरूर भरा था, लेकिन वह इस साल परीक्षा नहीं देंगे। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे हैं, जो 21 फरवरी तक चलेगा। कैंप के बाद भी उनके बिहार लौटने की संभावना कम है।
आईपीएल की तैयारी में जुटे वैभव
सूत्रों का कहना है कि ट्रेनिंग कैंप के बाद वैभव मुंबई में होने वाले डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में खेल सकते हैं। यह टूर्नामेंट 23 फरवरी से शुरू होगा और इसे आईपीएल 2026 की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कई बड़े खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं और इसे देश के पुराने टी20 टूर्नामेंट में गिना जाता है।
इसे भी पढ़ें : भारत-पाक मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार, कब बोलेगी Team India?
सम्मान समारोह से भी रहे दूर
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने हाल ही में राज्य के खिलाड़ियों के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इस समारोह में रणजी ट्रॉफी और अन्य प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वैभव सूर्यवंशी का नाम भी सूची में शामिल था, लेकिन वह इस कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहे। फिलहाल उनका पूरा ध्यान क्रिकेट पर है और बोर्ड परीक्षा को लेकर स्थिति साफ हो चुकी है।