जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 19 मई की शाम एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी का तूफानी अंदाज देखने को मिला। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ऐसी पारी खेली जिसने मैच का रुख ही बदल दिया। राजस्थान ने 220 रन जैसे बड़े लक्ष्य को 7 विकेट से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ वैभव ने सिर्फ मैच नहीं जीता बल्कि ऑरेंज कैप की रेस में भी बड़ा उलटफेर कर दिया।
7 इंटरनेशनल बल्लेबाजों को छोड़ा पीछे
मैच शुरू होने से पहले वैभव ऑरेंज कैप की रेस में पीछे थे। उनके आगे मिचेल मार्श, हेनरिक क्लासेन, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल और अभिषेक शर्मा जैसे बड़े नाम मौजूद थे। ये सभी खिलाड़ी 500 से ज्यादा रन बना चुके थे। लेकिन सिर्फ 15 साल के अनकैप्ड वैभव ने एक ही पारी में सबको पीछे छोड़ दिया और सबसे ऊपर पहुंच गए।
93 रन की विस्फोटक पारी
वैभव सूर्यवंशी ने लखनऊ के खिलाफ सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन बनाए। उनकी पारी में 10 लंबे छक्के शामिल रहे। उन्होंने 244.74 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और मैदान के चारों ओर शॉट लगाए। इस पारी के बाद उनके नाम 13 मैचों में 579 रन हो गए। इस दौरान उन्होंने 236.32 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए कुल 53 छक्के भी लगाए हैं।
हर मैच में बदल रहा ऑरेंज कैप का मालिक
आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप की रेस बेहद दिलचस्प हो चुकी है। लखनऊ और राजस्थान के मैच से पहले यह कैप हेनरिक क्लासेन के पास थी। फिर लखनऊ की पारी खत्म होने के बाद मिचेल मार्श आगे निकल गए। लेकिन मैच खत्म होते-होते वैभव सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली।
भुवी की पर्पल कैप पर पकड़ मजबूत
जहां ऑरेंज कैप लगातार हाथ बदल रही है वहीं पर्पल कैप की तस्वीर काफी समय से एक जैसी बनी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार अभी भी सबसे आगे हैं। उन्होंने 13 मैचों में 24 विकेट लिए हैं और लंबे समय से नंबर एक बने हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : Bangladesh ने फिर रौंदा Pakistan, 2-0 से सीरीज साफ, Rizwan का संघर्ष भी नहीं आया काम
रिकॉर्ड की तरफ बढ़ रहे भुवी
सबसे खास बात यह है कि आरसीबी प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। ऐसे में भुवनेश्वर कुमार के पास अभी और मुकाबले खेलने का मौका होगा। अगर उनका प्रदर्शन ऐसा ही रहा तो वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा 32 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि सीजन खत्म होने तक ऑरेंज और पर्पल कैप किसके सिर सजती है।