U19 एशिया कप में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, बिहार के 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर उत्साह चरम पर है. दुबई की पिच पर वैभव का आक्रामक अंदाज वापस देखने की उम्मीद फैंस को रोमांचित कर रही है. हालिया फॉर्म ने जिस तरह विरोधियों में हलचल मचाई है, उससे साफ है कि वैभव इस बार फिर बड़ी पारी खेलने को तैयार दिख रहे हैं. UAE के खिलाफ 42 गेंदों पर 144 रन और राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में उनकी विस्फोटक स्ट्राइक रेट ने उन्हें एशिया का नाया स्टार बना दिया है. यही कारण है कि 14 दिसंबर वाले मुकाबले को लेकर इंतजार और भी बढ़ गया है.
पाकिस्तान में भी डर, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
वैभव का नाम सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पाकिस्तान में भी जोर-शोर से चल रहा है. पाक फैंस सोशल मीडिया पर चर्चा कर रहे हैं कि यह युवा बल्लेबाज उनके गेंदबाजों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है. दुबई की पिचें बल्लेबाजों के लिए मददगार होती हैं और वैभव जैसे खिलाड़ी इन्हीं परिस्थितियों में सबसे ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं. भारत के मैच 12 को UAE से और 16 को मलेशिया से हैं, लेकिन असली निगाहें सिर्फ 14 दिसंबर पर टिकी हैं. पाकिस्तान की रणनीति साफ है कि शुरुआत में दबाव बनाया जाए, लेकिन वैभव जैसे खिलाड़ी अगर लय में आ गए, तो मैच कुछ ही ओवरों में भारत की तरफ झुक सकता है.
यशस्वी ने खोला वैभव के खेल का असली राज
भारत को इस मुकाबले से पहले सबसे बड़ा भरोसा मिला है यशस्वी जायसवाल के बयान से. IPL में वैभव के साथी रहे यशस्वी ने बताया कि यह लड़का जितना सुना जाता है, उससे कई गुना ज्यादा खतरनाक है. उन्होंने उस दिन का जिक्र किया जब वैभव ने 35 गेंदों पर शतक ठोक दिया था और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े यशस्वी भी दंग रह गए थे. उनके अनुसार वैभव के शॉट में एक अलग क्लास और आत्मविश्वास झलकता है. इतना ही नहीं, यशस्वी ने यह भी कहा कि भारत को भविष्य का बड़ा ओपनर मिल चुका है, जिससे फैंस की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.
इसे भी पढ़ें : Hardik Pandya और Mahika Sharma का रिश्ता खुलकर आया सामने, खिचड़ी पकी तो फैंस पूछ रहे शादी कब ?
टीम इंडिया को मिला भरोसेमंद मैच-विनर
कप्तान आयुष म्हात्रे और उपकप्तान विहान मल्होत्रा भी मानते हैं कि वैभव की मौजूदगी टीम को एक अलग स्तर का आत्मविश्वास देती है. वह किसी भी समय मैच को पलटने की क्षमता रखते हैं. दुबई की ICC एकेडमी की पिच, तेज आउटफील्ड और बैटिंग-फ्रेंडली माहौल वैभव के अंदाज के बिल्कुल अनुकूल है. पाकिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि वैभव के लिए खुद को फिर साबित करने का अवसर भी है. फैंस की सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि वैभव अपने आक्रामक खेल को कायम रखते हुए भारत को इस मुकाबले में बढ़त दिलाएंगे. अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि क्या 14 दिसंबर को दुबई में एक और तूफान देखने को मिलेगा.