अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। सिर्फ 14 साल की उम्र में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने फाइनल जैसे दबाव वाले मैच में 55 गेंदों पर शतक ठोक दिया। उनकी इस विस्फोटक पारी में 8 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। इतनी कम उम्र में, इतने बड़े मंच पर ऐसा प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल बन गया।
भारतीय फाइनल इतिहास में खास नाम
वैभव सूर्यवंशी अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले उन्मुक्त चंद और मंजोत कालरा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। लेकिन खास बात यह है कि फाइनल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अब वैभव के नाम हो गया है। इससे पहले किसी भी भारतीय या विदेशी खिलाड़ी ने इतनी तेजी से फाइनल में शतक नहीं जड़ा था।
एक पारी में बने कई वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी की इस पारी के साथ कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हो गए। वह अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। फाइनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उन्होंने अपने नाम किया। इसके अलावा एक ही अंडर 19 वर्ल्ड कप सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव ने तोड़ दिया। इतना ही नहीं, अंडर 19 वनडे क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
मुश्किल शुरुआत के बाद आया तूफान
फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एरॉन जॉर्ज सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर पारी को संभाला और फिर इंग्लैंड के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। वैभव ने 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अगली 23 गेंदों में शतक तक पहुंच गए। उन्होंने छक्के और चौकों से ही 80 से ज्यादा रन बना डाले।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup से बाहर Bangladesh, लेकिन कमेंट्री में दिखेगा उसका नाम, जानिए कैसे अतहर अली खान को मिली बड़ी एंट्री
150 रन तक पहुंचा बल्ला
वैभव सूर्यवंशी यहीं नहीं रुके। उन्होंने 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर दिए, जो अंडर 19 फाइनल के इतिहास में बेहद दुर्लभ उपलब्धि है। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह बिखेर दिया और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ खास रिश्ता
वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ हमेशा से शानदार रहा है। अंडर 19 वनडे क्रिकेट में उनके सबसे ज्यादा शतक और सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के खिलाफ ही आए हैं। सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी उन्होंने इसी टीम के खिलाफ बनाया। यह इस साल उनका दूसरा और अंडर 19 करियर का चौथा शतक रहा। फाइनल में यह पारी सिर्फ एक शतक नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य की झलक बन गई।