राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आज जयपुर में अहम मुकाबला खेला जाएगा. राजस्थान ने पिछले 5 में से 3 मैच गंवाए हैं, जबकि दिल्ली की हालत और खराब है. दिल्ली ने 8 में से सिर्फ 3 मैच जीते हैं और हाल ही में 75 रन पर ऑलआउट हो गई थी. ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद जरूरी बन गया है.
वैभव की शानदार फॉर्म
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में जबरदस्त फॉर्म में हैं. उन्होंने 9 पारियों में 400 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 238 से ज्यादा है. खास बात यह है कि वह पहली गेंद से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं. उन्होंने जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ भी खुलकर रन बनाए हैं.
स्टार्क की वापसी से बढ़ा रोमांच
मिचेल स्टार्क चोट से उबरकर अब मैदान पर लौटने के लिए तैयार हैं. उन्हें 1 मई से खेलने की अनुमति मिल गई है और वह इस मैच में नजर आ सकते हैं. स्टार्क ने 158 टी20 मैचों में 217 विकेट लिए हैं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. ऐसे में वैभव के लिए यह बड़ी परीक्षा होगी.
इसे भी पढे़ं : Parag के वेपिंग वीडियो से मचा बवाल, Rajasthan Royals की छवि पर सवाल, BCCI सख्त, टीम कल्चर पर संगकारा का बड़ा बयान
किसका पलड़ा रहेगा भारी
इस मुकाबले में एक तरफ युवा जोश है, तो दूसरी तरफ अनुभव और रफ्तार. वैभव जहां शुरुआत से हमला करने के लिए जाने जाते हैं, वहीं स्टार्क अपनी सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को चौंकाते हैं. इसके अलावा यशस्वी जयसवाल भी शानदार फॉर्म में हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि जयपुर में किसका दबदबा रहता है और कौन मैच का हीरो बनता है.