भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हाल ही में डेब्यू करने वाली वैष्णवी शर्मा तेजी से सुर्खियों में आ गई हैं। श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की और अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा। वैष्णवी ने इस सीरीज में कुल पांच विकेट लिए और उनकी इकॉनमी 6.26 रही, जो एक युवा गेंदबाज के लिए काफी प्रभावशाली मानी जा रही है। मैदान पर उनके शांत अंदाज और अनुशासित गेंदबाजी ने चयनकर्ताओं और फैंस दोनों को प्रभावित किया।
हर मैच में दिखी निरंतरता
वैष्णवी शर्मा ने 21 दिसंबर को खेले गए अपने पहले टी20 मुकाबले में भले ही विकेट नहीं लिया, लेकिन कसी हुई गेंदबाजी से उन्होंने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। दूसरे और चौथे मुकाबले में उन्होंने दो-दो विकेट झटके, जबकि सीरीज के आखिरी मैच में उनके नाम एक विकेट रहा। लगातार प्रभावी प्रदर्शन की वजह से वह सीरीज खत्म होते-होते भरोसेमंद गेंदबाज के रूप में उभरकर सामने आईं। यही कारण है कि डेब्यू सीरीज के बाद से उनका नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है।
विराट कोहली को लेकर बयान वायरल
मैदान पर प्रदर्शन के साथ-साथ वैष्णवी शर्मा का एक बयान भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि अब तक का सबसे अच्छा दिखने वाला क्रिकेटर कौन है। इस सवाल पर उन्होंने बिना किसी झिझक विराट कोहली का नाम लिया। वैष्णवी ने कहा कि विराट कोहली में हर चीज में अलग ही आकर्षण है, चाहे उनके रिकॉर्ड हों, फिटनेस हो, फील्डिंग हो या व्यक्तित्व। उन्होंने यह भी कहा कि विराट हर पैमाने पर बेहतरीन हैं, यही वजह है कि वह उन्हें सबसे खास लगते हैं।
इसे भी पढ़ें : Shreyas Iyer की वापसी पर बड़ा सस्पेंस, न्यूजीलैंड सीरीज से पहले BCCI की कड़ी शर्त, पास नहीं तो टीम इंडिया से बाहर
ग्वालियर से टीम इंडिया तक का सफर
वैष्णवी शर्मा का जन्म 18 दिसंबर 2005 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था और वह अभी सिर्फ 20 साल की हैं। उनके पिता ज्योतिषी हैं और उन्होंने ही बहुत छोटी उम्र में वैष्णवी को क्रिकेट से जोड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक जब वैष्णवी सिर्फ चार साल की थीं, तब से ही उनके पिता उन्हें पास के मैदान में खेलने के लिए ले जाने लगे थे। विराट कोहली सिर्फ वैष्णवी ही नहीं, बल्कि ज्यादातर युवा क्रिकेटरों के आदर्श माने जाते हैं। कोहली अब केवल वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं और भारत की अगली वनडे सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होगी।