
जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया. उत्तर प्रदेश से आए दो अलग-अलग परिवार इस भूस्खलन की चपेट में आ गए. हादसे में कई लोग लापता हो गए, जबकि एक युवक की मौत की पुष्टि हुई है. इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांवों में मातम का माहौल है.
आगरा निवासी युवक बहा
पहला हादसा जश्न की खुशियों को मातम में बदल देने वाला रहा. आगरा के खेरागढ़ के बाइपास रोड निवासी विनोद बंसल का बेटा शिव बंसल अपने दोस्तों के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गया था. उसके साथ धौलपुर निवासी यश गर्ग, प्रांशु, आदित्य परमार और दीपक मित्तल भी थे. सभी शनिवार को सैंपऊ से ट्रेन पकड़कर कटरा पहुंचे थे. सोमवार को माता के दर्शन कर लौटते समय किशनपुर डोमेल रोड, गरनै लोटा के पास अचानक पहाड़ से लैंडस्लाइड हुआ. रास्ता बंद होने के कारण वो गाड़ी से नीचे उतरे ही थे कि तभी पानी का तेज बहाव आया और वो सभी उसमें बह गए. दीपक और आदित्य ने तैरकर अपनी जान बचाई लेकिन शिव, यश और प्रांशु पानी में बहकर लापता हो गए. मौके पर स्थानीय लोगों ने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. देर रात तक लापता तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका. घर पर बेटे की कुशलता की आस लगाए बैठे विनोद बंसल और परिवार के अन्य सदस्य रो-रोकर बेहाल हैं.
ये भी पढ़ें : माता वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा, अर्धकुवारी में लैंडस्लाइड, अब तक 33 लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर के कार्तिक की मौत
इसी तरह का एक और दर्दनाक हादसा मुजफ्फरनगर के एक परिवार के साथ हुआ. अर्धकुंवारी के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के समीप मंगलवार को अचानक पहाड़ दरकने से भूस्खलन हुआ और वहां मौजूद कई लोग मलबे की चपेट में आ गए. इसमें मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला निवासी इंजीनियर मिंटू कश्यप का पूरा परिवार फंस गया. परिवार मूल रूप से अलीपुर खुर्द का रहने वाला है. मिंटू अपनी पत्नी संगीता, बेटे कार्तिक और बेटी उमंग के साथ रविवार को माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए कटरा पहुंचे थे. वापसी के दौरान यह हादसा हो गया. मलबे में दबकर 22 वर्षीय कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, मिंटू की पत्नी संगीता, बेटी और अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है.
इन दोनों घटनाओं ने यात्रियों और उनके परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है. एक ओर तीन युवक अब भी लापता हैं, तो दूसरी ओर कार्तिक की असमय मौत ने उसके परिवार को तोड़ दिया है. फिलहाल प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं, लेकिन हादसे ने माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.