दुनियाभर में सोने की कीमतों के बीच एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम सामने आया है। वेनेजुएला से करीब 1000 किलोग्राम सोना अमेरिका भेजे जाने की खबर ने वैश्विक बाजार और राजनीति दोनों में हलचल पैदा कर दी है। यह सौदा उस समय हुआ है जब वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के बाद अमेरिका और वहां की नई सरकार के बीच रिश्ते तेजी से मजबूत हो रहे हैं। इस सौदे को वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था और अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
खनन कंपनी और ट्रेडिंग फर्म के बीच समझौता
रिपोर्ट के मुताबिक वेनेजुएला की सरकारी खनन कंपनी मिनरवेन और अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी ट्रेडिंग कंपनी ट्रैफिगुरा के बीच एक अहम समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत वेनेजुएला से 1000 किलोग्राम तक सोने के डोरे बार अमेरिकी बाजार में भेजे जाएंगे। इन डोरे बार की शुद्धता लगभग 98 प्रतिशत बताई जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया में ट्रैफिगुरा अमेरिकी सरकार के साथ एक विशेष व्यवस्था के तहत सोने को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाएगी।
ये भी पढ़ें : लगातार सात महीने चढ़ा सोना, रिकॉर्ड तेजी से बढ़ी कीमतें, आखिर कौन कर रहा इतनी बड़ी खरीदारी?
सत्ता परिवर्तन के बाद बढ़े व्यापारिक रिश्ते
वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के सत्ता से हटने के बाद अमेरिका और वेनेजुएला के बीच व्यापारिक संबंधों में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। 4 मार्च 2026 को काराकास स्थित मिराफ्लोरेस राष्ट्रपति भवन में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज और अमेरिका के आंतरिक सचिव डग बर्गम के बीच अहम बैठक हुई। इस बैठक में खनन सुधार और खनिज संसाधनों के दोहन को लेकर चर्चा की गई।
तेल और खनिज संसाधनों पर बढ़ता सहयोग
अमेरिका पहले ही वेनेजुएला के तेल भंडार से जुड़े कई समझौते कर चुका है। ट्रंप प्रशासन के दौरान यह तीसरा बड़ा निष्कर्षण अनुबंध माना जा रहा है। इसके अलावा ट्रैफिगुरा कंपनी दोनों देशों के बीच लगभग 1 अरब डॉलर के तेल सौदों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस नई साझेदारी को अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
सोने-चांदी की कीमतों में तेज उछाल
दुनिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता का असर सोने और चांदी की कीमतों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। वैश्विक बाजार में हाजिर सोना करीब 0.8 प्रतिशत बढ़कर 5,177.33 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया है। वहीं अमेरिकी सोना वायदा में भी करीब 1 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। भारतीय बाजार में एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोना 0.6 प्रतिशत बढ़कर 1,62,542 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत 1.86 प्रतिशत उछलकर 2,70,501 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।