.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D8feefacb-d34a-4a03-a04f-ece2cc1c75fa&w=3840&q=75)
BJP leader passed away: राजस्थान के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व मंत्री और चार बार सांसद रहे नंदलाल मीणा का शनिवार को अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और आईसीयू में भर्ती थे। नंदलाल मीणा ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में राज्य सरकार में चार बार मंत्री पद संभाला और लोकसभा में भी प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उनके निधन की खबर से प्रदेश की राजनीति और आदिवासी समाज में शोक की लहर दौड़ गई है।
आदिवासी समाज के सशक्त आवाज थे नंदलाल मीणा
नंदलाल मीणा को हमेशा एक जमीनी नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने गांवों और ढाणियों के विकास के साथ-साथ युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण काम किए। उनका राजनीतिक जीवन आदिवासी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके अधिकारों की रक्षा करने को समर्पित रहा। समर्थकों और नेताओं ने उन्हें समाज का सच्चा प्रहरी और संघर्षशील व्यक्तित्व बताया। उनके पुत्र हेमंत मीणा वर्तमान में राजस्थान सरकार में राजस्व मंत्री हैं।
यह भी देखेंःMuskan blue drum: इंदौर में जलेगा नीले ड्रम वाली मुस्कान और सांप से कटवाने वाली रविता का पुतला
स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में थे भर्ती
नंदलाल मीणा को कुछ समय पहले तबीयत बिगड़ने पर अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया था, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही थी। हाल ही में बताया गया था कि उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा, जहां हजारों समर्थक और नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।