Nadeem Khan: मुंबई के एंटरटेनमेंट जगत से एक बेहद शर्मनाक खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म ‘धुरंधर’ में डकैत रहमान (अक्षय खन्ना) के रसोइए अखलाक का किरदार निभाने वाले अभिनेता नदीम खान को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर अपनी घरेलू सहायिका (नौकरानी) के साथ दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगा है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
शादी का झूठा वादा किया
महिला का कहना है कि वो नदीम खान के घर पर घरेलू काम करती थी। शिकायत के अनुसार अभिनेता ने उसे शादी का झूठा वादा किया और लगभग दस वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उससे शादी करने से इनकार कर दिया। बता दें कि पीड़िता 41 वर्षीय महिला है, जो घरेलू नौकरानी के रूप में काम करती है। वह नदीम खान से मिलने से पहले मुंबई में कई अभिनेताओं और परिवारों के घरों में काम कर चुकी थी।
यह भी पढ़ें: Border 2 Box Office Collection: ‘बॉर्डर 2’ की बॉक्स ऑफिस पर आंधी, तीन दिनों में 100 करोड़ पार, ‘छावा’ का टूटा रिकॉर्ड
नदीम खान से साल 2015 में हुई थी मुलाकात
पीड़िता ने बयान में बताया कि उसकी मुलाकात नदीम खान से साल 2015 में हुई थी। उस समय आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और जल्द ही शादी का भरोसा दिलाया। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे के सहारे नदीम खान ने उसके साथ अपने घर और मुंबई के वर्सोवा स्थित आवास पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि वह इस रिश्ते को गंभीर मानती रही, क्योंकि उसे शादी का आश्वासन दिया गया था।
आरोपी से पूछताछ की जा रही
आपको बता दें कि जनवरी की शुरुआत में ही महिला ने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे बाद शिकायत मालवणी पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया। वहीं, महिला की शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए मालवणी पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर नदीम खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सबूतों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।