रांची वनडे में विराट कोहली ने अपनी क्लासिक बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। 120 गेंदों पर 135 रन की शानदार पारी खेलकर उन्होंने टीम इंडिया को जीत दिलाई और वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलवाई। लगभग एक महीने बाद मैदान पर लौटे कोहली ने जैसे ही अपना 52वां वनडे शतक पूरा किया, फैंस खुशी से झूम उठे। लेकिन मैच खत्म होने के बाद उन्होंने एक ऐसा बयान दे दिया जिसने इन्हीं फैंस के चेहरे से मुस्कान गायब कर दी।
टेस्ट में वापसी की चर्चाएं तेज
कोहली के शतक से कुछ ही घंटे पहले एक रिपोर्ट सामने आई थी जिसमें दावा किया गया था कि BCCI हाल ही में संन्यास लेने वाले खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए आग्रह कर सकता है। रिपोर्ट में यह संभावना जताई गई थी कि टीम इंडिया की मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए कोहली या रोहित जैसे दिग्गजों की दोबारा जरूरत पड़ सकती है। यही वजह थी कि पूरे दिन सोशल मीडिया पर ये चर्चा छाई रही कि क्या कोहली फिर टेस्ट में कदम रखेंगे?
कोहली ने किया साफ ऐलान- सिर्फ एक ही फॉर्मेट
रांची वनडे के बाद जब विराट कोहली अवॉर्ड लेने मंच पर पहुंचे तो हर्षा भोगले ने उनसे सीधा सवाल पूछा कि क्या वे अब हमेशा सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलने वाले हैं? कोहली ने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया कि वह सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलेंगे और यही आगे भी जारी रहेगा। उनका यह बयान साफ संकेत था कि टेस्ट क्रिकेट में वापसी का कोई इरादा नहीं है और उन्होंने अपना फैसला बदलने का मन भी नहीं बनाया है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi वनडे में Kuldeep Yadav का कमाल, Rohit-Kohli की चमक के बीच रचा बड़ा रिकॉर्ड, पढ़ें
फैंस में निराशा, लेकिन फैसला स्पष्ट
कोहली की यह बात सुनकर फैंस में निराशा फैलना स्वाभाविक था। एक ओर उनकी धमाकेदार फॉर्म देखकर लोग उम्मीद कर रहे थे कि शायद वह टेस्ट में भी वापसी कर टीम इंडिया की मुश्किलें कम कर सकते हैं, लेकिन उनकी साफ प्रतिक्रिया ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। अब यह तय है कि कोहली वनडे क्रिकेट पर ही फोकस करेंगे और टेस्ट फॉर्मेट में वापसी की कोई संभावना नहीं है।