आज के समय में टेक्नोलॉजी ने लोगों की जिंदगी को काफी आसान बना दिया है और देश में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन तेजी से बढ़ रहे हैं। कैशलेस पेमेंट अब आम हो चुका है और लोग डेबिट या क्रेडिट कार्ड से आसानी से भुगतान कर रहे हैं। लेकिन इसी के साथ एक बड़ा सवाल भी सामने आता है कि वीजा, मास्टरकार्ड और रुपे कार्ड में आखिर अंतर क्या है और इनमें से कौन सा कार्ड बेहतर है।
क्या होते हैं ये कार्ड नेटवर्क
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि वीजा, मास्टरकार्ड और रुपे खुद कार्ड जारी नहीं करते हैं, बल्कि ये पेमेंट नेटवर्क होते हैं। यानी बैंक आपके लिए कार्ड जारी करता है और ये नेटवर्क उस कार्ड के जरिए पेमेंट की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। इनके माध्यम से आप देश और विदेश में डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं। रुपे भारत का नेटवर्क है, जबकि वीजा और मास्टरकार्ड विदेशी कंपनियां हैं।
रुपे कार्ड का फायदा
रुपे कार्ड भारत का अपना पेमेंट नेटवर्क है, जिसे नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने शुरू किया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ट्रांजैक्शन चार्ज कम होते हैं और यह भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। रुपे कार्ड मुख्य रूप से देश के अंदर ही ज्यादा इस्तेमाल होता है। इसमें क्लासिक, प्लेटिनम और सिलेक्ट जैसे अलग-अलग कार्ड विकल्प भी मिलते हैं।
ये भी पढ़ें : Train में अब सीट पर मिलेगा पसंद का खाना, IRCTC की सुविधा से सफर हुआ और आसान
वीजा कार्ड की खासियत
वीजा कार्ड एक इंटरनेशनल पेमेंट नेटवर्क है, जिसकी स्वीकार्यता दुनियाभर में बहुत ज्यादा है। अगर आपके पास वीजा कार्ड है तो आप विदेशों में भी आसानी से भुगतान कर सकते हैं। यह दुनिया के सबसे बड़े पेमेंट नेटवर्क में शामिल है और इमरजेंसी कैश निकालने जैसी सुविधाएं भी देता है। वीजा कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग और इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन के लिए काफी आसान और भरोसेमंद माना जाता है।
मास्टरकार्ड कैसे अलग है
मास्टरकार्ड भी वीजा की तरह एक ग्लोबल नेटवर्क है और इसे भी दुनिया भर में स्वीकार किया जाता है। यह कार्ड ऑनलाइन पेमेंट, ट्रैवल और इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन के लिए अच्छा विकल्प माना जाता है। मास्टरकार्ड के कई प्रकार होते हैं जैसे स्टैंडर्ड, एनहांस्ड और वर्ल्ड डेबिट कार्ड। हालांकि यह भी बैंक के जरिए ही जारी किया जाता है और खुद से कोई कार्ड नहीं देता।
कौन सा कार्ड है बेहतर
तीनों कार्ड अपनी-अपनी जगह पर बेहतर हैं, लेकिन सही विकल्प आपकी जरूरत पर निर्भर करता है। अगर आप ज्यादा इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन करते हैं या विदेश यात्रा करते हैं तो वीजा और मास्टरकार्ड बेहतर विकल्प हैं। वहीं अगर आप भारत में ही ज्यादा लेन-देन करते हैं और कम चार्ज चाहते हैं तो रुपे कार्ड आपके लिए ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।