ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग में शुक्रवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी खिलाड़ियों और दर्शकों को हैरान कर दिया। एडिलेड स्ट्राइकर्स और होबार्ट हरिकेंस का मैच एडिलेड के करेन रोल्टन ओवल में खेला जा रहा था। लेकिन पारी के ब्रेक के दौरान पिच तैयार करते समय ऐसी गलती हुई कि मैच को तुरंत रद्द करना पड़ा। दरअसल, भारी रोलर पिच को समतल करने के लिए चलाया जा रहा था और उसी दौरान वार्म-अप में लगी एक गेंद गलती से रोलर के नीचे चली गई। रोलर के वजन से गेंद पिच में दब गई और पिच पर एक गहरा छेद बन गया।
रोलर की एक गलती ने रोक दिया पूरा मुकाबला
WBBL के नियमों के अनुसार, पारी के बीच पिच को रोलर से तैयार किया जा सकता है। लेकिन इस बार यही प्रक्रिया नुकसानदायक बन गई। गेंद जैसे ही रोलर के नीचे आई, वह पिच की सतह में धंस गई, जिससे पिच पर गेंद के आकार का बड़ा गड्ढा बन गया। इस गड्ढे को ठीक करना संभव नहीं था और इससे बल्लेबाजी की परिस्थितियां पूरी तरह बदल जातीं। एडिलेड स्ट्राइकर्स ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह पूरी तरह एक दुर्घटना थी, लेकिन इससे मैच की पिच खेल योग्य नहीं रह गई। अंपायरों और मैच रेफरी ने निरीक्षण किया और फैसला लिया कि हरिकेंस को ऐसी पिच पर बल्लेबाजी कराना सही नहीं होगा।
कप्तानों ने भी माना फैसला सही
अधिकारियों ने दोनों टीमों के कप्तानों से बातचीत की, जिन्होंने फैसला स्वीकार कर लिया। उनका कहना था कि पिच की स्थिति स्ट्राइकर्स द्वारा पहली पारी में खेले गए हालात से बिल्कुल अलग हो चुकी थी, जिससे मैच निष्पक्ष नहीं रहता। ऐसी स्थिति में खिलाड़ी चोटिल भी हो सकते थे। इसलिए मैच को आधिकारिक रूप से रद्द घोषित कर दिया गया। दर्शक भले ही निराश रहे, लेकिन नियम और सुरक्षा को देखते हुए यह जरूरी फैसला था। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को अब तक की सबसे दुर्लभ क्रिकेट घटनाओं में से एक बता रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : 20 मैच बाद भारत की किस्मत बदली, KL Rahul ने टॉस जीतकर कर दिया कमाल, Vizag वनडे में आखिर कैसे पलटा पूरा खेल?
स्ट्राइकर्स की मजबूत पारी रह गई बेकार
मैच रद्द होने से एडिलेड स्ट्राइकर्स की मेहनत भी अधूरी रह गई। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 167 रन बनाए थे। ओपनर मैडेलिन पेना ने बेहतरीन नाबाद 63 रन बनाए, जबकि ब्रिजेट पैटरसन ने 12 गेंदों पर 24 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। गेंदबाजी में नेट साइवर-ब्रंट ने सबसे किफायती प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में सिर्फ 22 रन दिए और एक विकेट भी हासिल किया। लेकिन पिच हादसे ने पूरे मुकाबले का मोमेंटम ही खत्म कर दिया और मैच बिना नतीजे के खत्म कर दिया गया।