.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D203312ca-29f8-48a6-bcbe-bbdc1aacb18d&w=3840&q=75)
Weather Report: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की रफ्तार थाम दी। राजधानी की कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लंबा जाम लग गया और लोगों को दफ्तर व स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, मौसम का असर हवाई यातायात पर भी दिखा। एयरपोर्ट पर करीब 250 उड़ानें प्रभावित हुईं। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों से जुड़ी जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से लगातार संपर्क में रहें। उधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सड़कें बनी तालाब, यातायात हुआ ठप
बारिश के बाद बदरपुर से आश्रम, डिफेंस कॉलोनी, प्रगति मैदान और मयूर विहार जैसे इलाकों में पानी भर गया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए कई जगह अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया है। अधिकारियों का कहना है कि जलभराव और धीमी रफ्तार के बावजूद ट्रैफिक को सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं। बारिश के चलते ऑफिस टाइम पर लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा और स्कूल बसें भी लेट हो गईं।
2010 के बाद अगस्त की सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, इस साल अगस्त महीने में अब तक 392 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो 2010 के बाद सबसे अधिक है। उस समय अगस्त में कुल 455 मिमी बारिश हुई थी। सफदरजंग में एक दिन में 56 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलें और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। अगले 2-3 दिनों तक तेज बारिश का अनुमान है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।