Cell Broadcast Alert: अगर अगले 24 से 48 घंटों में आपका स्मार्टफोन अचानक तेज आवाज में बजने लगे या उस पर कोई चेतावनी भरा मैसेज आए, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। यह कोई हैकिंग या खतरे का संकेत नहीं, बल्कि भारत सरकार द्वारा किया जा रहा एक महत्वपूर्ण सुरक्षा परीक्षण है। दरअसल, दूरसंचार विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मिलकर पूरे देश में Cell Broadcast Alert System का ट्रायल कर रहे हैं। इस दौरान मोबाइल यूजर्स को अलर्ट मैसेज आ सकते हैं।
2 मई को होगी आधिकारिक शुरुआत
इस तकनीक का औपचारिक शुभारंभ 2 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन व संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा किया जाएगा। आइए जानते हैं कि यह सिस्टम क्या है और अलर्ट मिलने पर आपको क्या करने की जरूरत है।
सरकार ने की यह अपील
आपको बता दें कि इस सिस्टम की शुरुआत के दौरान सभी राज्यों की राजधानियों और दिल्ली-NCR में मोबाइल पर एक मैसेज भेजा जाएगा। भेजे गए मैसेज हिंदी और इंग्लिश के अलावा क्षेत्रीय भाषा में होगा। इस मैसेज के जरिए लोगों को बताया जाएगा यह एक ट्रायल है। सरकार ने अपील की है कि मैसेज को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है और यूजर्स को कुछ भी नहीं करना है। यह केवल इस सिस्टम को चेक करने के लिए ट्रायल किया जा रहा है। बता दें, प्राकृतिक आपदाओं, मौसम चेतावनियों और साइक्लोन जैसी स्थिति में इस सिस्टम को लोगों को अलर्ट करने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
अगर अलर्ट आए तो आपको क्या करना है?
अगर आपके मोबाइल पर 'Emergency Alert: Severe' जैसा कोई पॉप-अप मैसेज आता है, तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। यह सिर्फ एक तकनीकी जांच है। मैसेज के अंत में स्पष्ट रूप से लिखा होगा कि यह एक 'TEST' संदेश है। मैसेज में दी गई जानकारी को पढ़ें ताकि आप समझ सकें कि भविष्य में असली चेतावनी कैसी दिखेगी। आमतौर पर इस अलर्ट को हटाने के लिए आपको स्क्रीन पर 'OK' या 'Dismiss' बटन दबाना होगा।
यह भी पढ़ें: Lenovo ने भारत में Idea Tab Pro Gen 2 टैबलेट किया लॉन्च, 10,200mAh बैटरी के साथ मचाएगा धमाल
किन लोगों के पास आएगा अलर्ट?
यह अलर्ट मैसेज उन्हीं यूजर्स के पास आएगा, जिन्होंने अपनी फोन में सेटिंग्स ऑन कर रखी है। अगर आपके फोन पर यह सेटिंग बंद है, तो आपके पास अलर्ट का मैसेज नहीं आएगा। बता दें, यह मैसेज आपके पास बार-बार आ सकता है। मैसेज रिसीव होने पर आपको सिर्फ OK बटन प्रेस करना है।
इमरजेंसी अलर्ट पाने के लिए ऑन करें ये सेटिंग
1. सबसे पहले फोन की Settings में जाएं।
2. वहां Safety & Emergency या Security के विकल्प पर क्लिक करें।
3. अब Wireless Emergency Alerts के ऑप्शन को चुनें।
4. यहां Allow Alerts के टॉगल (बटन) को ON कर दें।