भारतीय रुपये की कमजोरी ने बीते कुछ महीनों से हर किसी को चिंता में डाल रखा है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के लगातार फिसलने के पीछे अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया गया 50 प्रतिशत आयात शुल्क एक बड़ी वजह बनकर सामने आया है। भारतीय स्टेट बैंक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2025 के बाद से रुपया करीब 5.7 प्रतिशत तक कमजोर हो चुका है। यह गिरावट दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले ज्यादा मानी जा रही है। इसी वजह से सवाल उठ रहा है कि क्या रुपया और नीचे जाएगा या फिर अब वापसी की तैयारी शुरू हो चुकी है।
गिरावट तेज, लेकिन हालात स्थिर
SBI की रिपोर्ट यह भी साफ करती है कि रुपये में कमजोरी जरूर दिखी है, लेकिन इसमें असामान्य उतार-चढ़ाव नहीं आया है। इसका मतलब यह है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद अभी भी मजबूत बनी हुई है। अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर जब भी सकारात्मक संकेत मिले, रुपये ने थोड़ी मजबूती दिखाई। हालांकि भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक अनिश्चितता और संरक्षणवाद की नीतियों ने विदेशी निवेशकों को सतर्क कर दिया है। इसी कारण बाजार में भरोसा पूरी तरह से लौट नहीं पाया है और रुपये पर दबाव बना हुआ है।
ये भी पढ़ें : Dollar के सामने कमजोर होता रुपया, बढ़ी लोगों की चिंता, क्या है कारण, जानिए Inside स्टोरी
विदेशी निवेश में आई गिरावट
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पहले की तुलना में अब विदेशी पोर्टफोलियो निवेश काफी कम हो गया है। 2007 से 2014 के बीच जहां औसतन 162 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश भारत में आया करता था, वहीं 2015 से 2025 के बीच यह आंकड़ा घटकर करीब 88 अरब डॉलर रह गया है। पहले विदेशी निवेश रुपये के उतार-चढ़ाव की बड़ी वजह होता था, लेकिन अब व्यापार समझौतों में देरी और वैश्विक माहौल की अनिश्चितता ने निवेशकों को इंतजार की नीति अपनाने पर मजबूर कर दिया है।
अगले साल लौट सकती है मजबूती
इसके बावजूद SBI की रिपोर्ट उम्मीद की एक बड़ी किरण दिखाती है। बैंक का मानना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने मुश्किल हालात में भी खुद को मजबूत साबित किया है। विदेशी मुद्रा भंडार अभी संतोषजनक स्तर पर है और रिजर्व बैंक के कदम भी रुपये को सहारा दे रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अगले वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में रुपये में मजबूती की वापसी हो सकती है। अगर वैश्विक हालात सुधरते हैं और निवेश का भरोसा लौटता है, तो रुपया एक बार फिर डॉलर को कड़ी चुनौती देता नजर आ सकता है।