NEET Re-Exam Result Date: मेडिकल की पढ़ाई (MBBS और BDS) का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए यह साल काफी मानसिक तनाव वाला रहा है। जो छात्र मई की शुरुआत में परीक्षा देकर फ्री होने की उम्मीद कर रहे थे, वे अब जून के आखिर में दोबारा परीक्षा देने की तैयारी में जुटे हैं। 3 मई 2026 को आयोजित हुआ पेपर लीक होने के बाद अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 21 जून 2026 को री-एग्जाम कराने जा रही है।
रिजल्ट कब आएगा
ऐसे में छात्रों और पेरेंट्स का सबसे बड़ा सवाल यह है कि परीक्षा में देरी के बाद अब रिजल्ट कब आएगा और काउंसलिंग कब शुरू होगी। आइए पिछले 5 सालों के ट्रेंड से समझते हैं इस बार कितनी देरी हो सकती है और कब तक रिजल्ट आने की उम्मीद है।
परीक्षा में डेढ़ महीने की देरी
आमतौर पर एनटीए नीट की परीक्षा मई के पहले हफ्ते में करा लेता है और जून के बीच तक रिजल्ट आ जाता है। लेकिन इस बार पेपर लीक के कारण पूरा टाइमलाइन बदल गया है। 3 मई की परीक्षा अब 21 जून को हो रही है, यानी एग्जाम कराने में ही करीब डेढ़ महीने (49 दिन) की देरी हो चुकी है।
पिछले 5 सालों का ट्रेंड
NEET 2025: 4 मई को परीक्षा और 14 जून को रिजल्ट (41 दिन लगे)
NEET 2024: 5 मई को परीक्षा और 4 जून को रिजल्ट (30 दिन लगे - सबसे तेज)
NEET 2023: 7 मई को परीक्षा और 13 जून को रिजल्ट (37 दिन लगे)
NEET 2022: 17 जुलाई को परीक्षा और 7 सितंबर को रिजल्ट (52 दिन लगे)
NEET 2021 (कोविड साल): 12 सितंबर को परीक्षा और 1 नवंबर को रिजल्ट (50 दिन लगे)
यह भी पढ़ें: CBSE Class 10th Result: खत्म होने वाला है लाखों छात्रों का इंतजार, इस दिन आएगा 10वीं सेकेंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट!
NEET 2026 का रिजल्ट कब तक आ सकता है?
इस बार मुख्य परीक्षा 21 जून को हो रही है, इसलिए कॉपियों की चेकिंग, प्रोविजनल आंसर-की और आपत्तियां दर्ज करने का प्रोसेस जुलाई तक चलेगा। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार रिजल्ट सबसे तेजी से जारी करने की कोशिश की जाएगी। माना जा रहा है कि एनटीए परीक्षा के 20 से 25 दिन के अंदर रिजल्ट जारी कर सकता है। यानी रिजल्ट जुलाई के तीसरे या फिर आखिरी हफ्ते में जारी किया जा सकता है।
कब जारी होंगे एडमिट कार्ड
आपको बता दें कि एनटीए ने 7 जून 2026 को एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। छात्र ऑफिशियल वेबसाइट (neet.nta.nic.in) पर अपना परीक्षा शहर चेक कर सकते हैं। वहीं एडमिट कार्ड की बात करें, तो री-एग्जाम के लिए फाइनल एडमिट कार्ड 14 जून 2026 तक जारी किए जा सकते हैं।
15 मिनट का मिलेगा एक्स्ट्रा समय
इस बार छात्रों को पेपर सॉल्व करने के लिए 15 मिनट का एक्स्ट्रा समय मिलेगा। अब परीक्षा 3 घंटे 15 मिनट होगी, जो दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगा। वहीं, जिन छात्रों को फीस रिफंड से जुड़ी कोई प्रक्रिया पूरी करनी है, उनके लिए पोर्टल एक्टिव है और इसकी आखिरी तारीख 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक है।