3 AM Wake Up Reason: क्या आपकी भी नींद रात को ठीक 3 बजे के आसपास अचानक खुल जाती है? कुछ लोग इसे आध्यात्मिक मान्यताओं से जोड़ते हैं, लेकिन विज्ञान की मानें तो इसके पीछे आपका शरीर और आपकी जीवनशैली जिम्मेदार है। रात 3 बजे नींद खुलने के पीछे हमारी बॉडी क्लॉक, हार्मोनल बदलाव, खान-पान की आदतें मुख्य कारण होती है। तो आइए विस्तार से जानते हैं कि रात में 3 बजे नींद खुलने की क्या-क्या वजह हो सकती है।
चरणों में पूरी होती है नींद
आपको बता दें कि हमारी नींद अलग-अलग चरणों में पूरी होती है। रात के पहले हिस्से में गहरी नींद आती है। लेकिन 3 बजे के बाद नींद हल्की हो जाती है। इस दौरान अगर कोई भी हल्की आवाज, कमरे के तापमान में बदलाव या थोड़ी सी भी रोशनी आपके नींद को तोड़ सकती है।
कॉर्टिसोल का स्तर बढ़ना
बता दें, रात के 3 से 4 बजे के बीच शरीर कॉर्टिसोल नाम का हार्मोन बनाने लगता है। अगर आप दिनभर बहुत ज्यादा तनाव या चिंता में रहते हैं, तो रात में कॉर्टिसोल का लेवल सामान्य से ज्यादा बढ़ जाता है। इससे दिमाग तुरंत सतर्क हो जाता है और आपकी नींद खुल जाती है।
यह भी पढ़ें: High BP: नींद की कमी बिगाड़ सकती है आपका ब्लड प्रेशर! कैसे पहचानें कि आपकी नींद पूरी हो रही या नहीं
ब्लड शुगर और देर रात खाना
ब्लड शुगर या देर रात खाना खाने की वजह से आपकी नींद खुल सकती है। रात में अचानक ब्लड शुगर कम होने पर शरीर उसे संतुलित करने की कोशिश करता है, जिससे बेचैनी होती है और नींद खुल जाती है। वहीं अगर आप देर रात भारी, तला-भुना या मसालेदार भोजन करते हैं, तो इससे एसिडिटी, गैस और सीने में जलन हो सकती है, जिससे आपकी नींद में खलल पड़ सकता है।
हार्मोनल बदलाव और मेडिकल स्थिति
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है वैसे-वैसे नींद की गुणवत्ता में कमी आने लगती है। महिलाओं में थायरॉयड की समस्या, गर्भावस्था या फिर मेनोपॉज से जुड़े हार्मोनल बदलाव के कारण रात में घबराहट या गर्मी लग सकती है, जिससे बार-बार नींद टूटती है।