अंडर 19 विश्व कप शुरू होने से पहले वॉर्म अप मुकाबले खेले जा रहे हैं और 15 जनवरी से मुख्य मुकाबलों की शुरुआत होगी। इसी बीच पाकिस्तान की अंडर 19 टीम के युवा ओपनर समीर मिन्हास चर्चा में आ गए। कारण यह रहा कि शानदार बल्लेबाजी कर रहे समीर को बीच मैच में ही मैदान से वापस बुला लिया गया। सवाल उठा कि जब बल्लेबाज बेहतरीन लय में था, तो उसे अचानक क्यों हटाया गया।
रिटायर्ड आउट का मतलब क्या होता है
आमतौर पर किसी बल्लेबाज को तब हटाया जाता है, जब वह बहुत धीमी बल्लेबाजी कर रहा हो या टीम की जरूरत के मुताबिक खेल नहीं पा रहा हो। लेकिन इस मुकाबले में ऐसा नहीं था। समीर मिन्हास तेज रन बना रहे थे और पूरी तरह सहज दिख रहे थे। ऐसे में उनका बीच में हटना दर्शकों के लिए हैरानी भरा फैसला बन गया।
यूएसए के खिलाफ शानदार शुरुआत
यह वॉर्म अप मुकाबला पाकिस्तान और यूएसए की अंडर 19 टीमों के बीच खेला गया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की और समीर मिन्हास ने मोहम्मद शायन के साथ पारी की शुरुआत की। दोनों ने मिलकर 105 रन की मजबूत साझेदारी की। समीर ने 55 गेंदों में 74 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। ऐसा लग रहा था कि वह शतक की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन तभी टीम प्रबंधन ने उन्हें वापस बुला लिया।
इसे भी पढ़ें : भारतीय नौसेना में अफसर बनने का मौका, 260 पदों पर भर्ती, आवेदन तारीख तय, जानिए कौन और कैसे करेगा एंट्री
आराम और सुरक्षा बना वजह
बाद में साफ हुआ कि समीर मिन्हास को हटाने का फैसला उनकी फॉर्म नहीं, बल्कि उनकी सेहत को ध्यान में रखकर लिया गया था। टीम प्रबंधन नहीं चाहता था कि मुख्य टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ी पर अतिरिक्त दबाव पड़े या चोट का खतरा बने। इससे पहले भी पाकिस्तान के वरिष्ठ खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान को एक मुकाबले में इसी तरह हटाया गया था, हालांकि तब वजह अलग थी। मुकाबले में पाकिस्तान की अंडर 19 टीम ने 50 ओवर में 294 रन बनाए और यूएसए को 69 रन से हराकर आत्मविश्वास मजबूत किया।