सर्दियों में कोहरे के साथ सबसे बड़ी परेशानी होती है कम दिखाई देना। विजिबिलिटी घटते ही सड़क पर खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में तेज रफ्तार सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। कोहरे में स्पीड ब्रेकर, मोड़ या अचानक सामने आने वाली गाड़ी समय पर नजर नहीं आती। तेज स्पीड होने पर ब्रेक लगाने का मौका नहीं मिलता और हादसा तय हो जाता है। इसलिए घने कोहरे में हमेशा कम रफ्तार रखें, ताकि अचानक हालात बिगड़ने पर आप गाड़ी को कंट्रोल कर सकें। याद रखें, देर से पहुंचना बेहतर है लेकिन सुरक्षित पहुंचना जरूरी है।
हाई बीम नहीं, सही लाइट का इस्तेमाल जरूरी
कई लोग कोहरे में हाई बीम लाइट जला देते हैं, जो सबसे खतरनाक गलती मानी जाती है। हाई बीम की रोशनी कोहरा पड़ते ही रिफ्लेक्ट होकर आंखों को और ज्यादा धोखा देती है। इससे सड़क और भी धुंधली नजर आने लगती है। हमेशा लो बीम या फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। फॉग लाइट सड़क के निचले हिस्से को रोशन करती है, जिससे रास्ता बेहतर दिखता है। गलत लाइट का इस्तेमाल न सिर्फ आपको, बल्कि सामने से आ रहे ड्राइवर को भी खतरे में डाल सकता है।
ये भी पढ़ें : रुपये को छोड़िए, Dollar भी पीछे रह जाए… आखिर Oman की करेंसी इतनी ताकतवर क्यों?
लेन, दूरी और ओवरटेक की भूल न करें
कोहरे में ओवरटेक करना खुद को मौत के मुंह में धकेलने जैसा होता है। सामने से आ रही गाड़ी दिखेगी या नहीं, इसका कोई भरोसा नहीं। इसलिए अपनी लेन में रहकर ही गाड़ी चलाएं। इसके साथ ही आगे चल रही गाड़ी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। अगर सामने वाला ड्राइवर अचानक ब्रेक लगाता है, तो दूरी होने से आपको प्रतिक्रिया का समय मिल जाता है। बहुत पास चलने से टक्कर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। हैजर्ड लाइट का भी बेवजह इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे पीछे वाला ड्राइवर भ्रमित हो सकता है।
ध्यान भटका तो हादसा पक्का
घने कोहरे में ड्राइविंग के दौरान पूरा फोकस सिर्फ सड़क पर होना चाहिए। मोबाइल फोन का इस्तेमाल, गाने बदलना या गाड़ी में बैठे लोगों से ज्यादा बातचीत करना ध्यान भटका सकता है। एक सेकंड की लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। ड्राइव करते वक्त अलर्ट रहें और आसपास की हलचल पर नजर बनाए रखें। याद रखें, आपकी सतर्कता सिर्फ आपकी नहीं, बल्कि आपके साथ बैठे लोगों और सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी बचा सकती है। कोहरे में सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।