
गाजियाबाद की एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ महिला थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई है. महिला का आरोप है कि उसका पति उस पर बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही जैसा दिखने का दबाव डालता था. वह रोज तीन घंटे एक्सरसाइज करने के लिए मजबूर करता और अगर वह ऐसा न करे तो उसे भूखा रखता. महिला ने बताया कि उसका पति जो कि एक सरकारी स्कूल में फिजिकल एजुकेशन टीचर है, उस पर हर रोज कड़ी एक्सरसाइज का दबाव बनाता था. जब महिला थकान, कमजोरी या तबीयत खराब होने के कारण एक्सरसाइज नहीं कर पाती, तो पति उसे खाना नहीं देता और ताने मारता कि उसकी शादी नोरा फतेही जैसी सुंदर महिला से होनी चाहिए थी.
शादी में हुआ था भारी खर्च, फिर भी दहेज की मांग
महिला की शादी मार्च 2025 में धूमधाम से हुई थी, जिसमें स्कॉर्पियो गाड़ी, 10 लाख रुपये नकद और अन्य महंगे तोहफे दिए गए थे. कुल खर्च 76 लाख रुपये बताया गया. इसके बावजूद ससुरालवालों ने लगातार और दहेज की मांग शुरू कर दी, जिसमें जमीन, कैश और अन्य महंगे सामान शामिल थे. महिला का आरोप है कि पति दूसरी महिलाओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो देखता था. विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करता और धमकाता कि अगर उसने चुप्पी नहीं साधी तो उसे घर से निकाल देगा. महिला ने सास, ससुर और ननद पर भी प्रताड़ना और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं.
ये भी पढ़ें : NDA से उपराष्ट्रपति उम्मीदवार ने दाखिल किया नामांकन, PM मोदी समेत ये नेता रहे मौजूद
गर्भावस्था में भी नहीं मिला सहारा
शादी के कुछ समय बाद महिला गर्भवती हुई. इस दौरान भी उसे गलत खान-पान और मानसिक तनाव के चलते परेशान किया गया. जुलाई 2025 में अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसका गर्भपात हो गया. महिला का आरोप है कि इस दौरान भी किसी ने उसका साथ नहीं दिया. गर्भपात के बाद महिला अपने मायके चली गई, लेकिन वहां भी पति और ससुराल वाले वीडियो कॉल पर गालियां देते रहे और तलाक की धमकी देते रहे. जब महिला सुलह की कोशिश करने ससुराल लौटी तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया. तीज-त्योहार पर मायके से दिए गए गहनों को भी लौटाने से इनकार कर दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, जबरन गर्भपात, धमकी और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मेडिकल रिपोर्ट सहित सभी जरूरी सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं. मामला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है.