महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह बड़ा टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। कुल 12 टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। हाल ही में क्वालिफायर के जरिए बाकी टीमों ने भी अपनी जगह पक्की कर ली है, जिसके बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है।
दो ग्रुप में बंटी टीमें
टूर्नामेंट को दो ग्रुप में बांटा गया है और हर ग्रुप में 6 टीमें हैं। ग्रुप 1 में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स शामिल हैं। ग्रुप 2 में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, आयरलैंड और स्कॉटलैंड हैं। ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप की टॉप 2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
सेमीफाइनल और फाइनल की तारीख
सेमीफाइनल मुकाबले 30 जून और 2 जुलाई को द ओवल मैदान पर खेले जाएंगे। इसके बाद 5 जुलाई को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में फाइनल होगा। लॉर्ड्स में खिताबी मुकाबला होना अपने आप में खास माना जाता है, क्योंकि यह क्रिकेट का ऐतिहासिक मैदान है।
टीम इंडिया की शुरुआत पाकिस्तान से
भारतीय टीम का पहला मुकाबला 14 जून को एजबेस्टन में पाकिस्तान के खिलाफ होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 8 बजे शुरू होगा। इस मैच पर सभी की नजरें रहेंगी, क्योंकि भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा रोमांचक रहता है।
इसे भी पढ़ें : Super 8 में बदला खेल का पूरा गणित, ग्रुप 1 में West Indies टॉप पर तो भारत दबाव में
ग्रुप स्टेज में अहम मुकाबले
भारत अपने ग्रुप के बाकी मैच नीदरलैंड्स, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा। खास तौर पर 28 जून को लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला काफी अहम होगा। ऑस्ट्रेलिया मौजूदा चैंपियन है और खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
रोमांचक टूर्नामेंट की उम्मीद
टूर्नामेंट का पहला मैच 12 जून को इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। पूरे कार्यक्रम में कई बड़े मुकाबले शामिल हैं। क्रिकेट फैंस को एक महीने तक रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिलेंगे। अब सभी टीमें अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं।