रेल यात्रा में रोज़ करोड़ों लोग सफर करते हैं और इसी भीड़ में कई बार छोटी सी चूक बड़ी परेशानी बन जाती है। जल्दबाजी में या प्लेटफॉर्म कन्फ्यूजन के चलते यात्री अपनी बुक की गई ट्रेन छोड़कर किसी दूसरी ट्रेन में बैठ जाते हैं। अगर आपको ऊंचाहार एक्सप्रेस से जाना था और आप गलती से प्रयागराज एक्सप्रेस में बैठ गए, तो यह रेलवे नियमों के हिसाब से अनियमित यात्रा मानी जाती है। जैसे ही टीटीई टिकट चेक करता है और ट्रेन का नाम मेल नहीं खाता, यात्री को नियमों के तहत जवाब देना पड़ता है।
रेलवे नियम क्या कहते हैं
भारतीय रेलवे के नियम साफ हैं। टिकट किसी एक तय ट्रेन के लिए वैध होता है। गलत ट्रेन में सफर करना बिना वैध टिकट यात्रा की श्रेणी में आ सकता है। टीटीई सबसे पहले टिकट की तारीख, रूट और क्लास का मिलान करता है। अगर रूट और तारीख एक जैसी है, तब भी ट्रेन बदलने की अनुमति अपने आप नहीं मिलती। रेलवे इसे नियमों का उल्लंघन मानता है और टीटीई को जुर्माना लगाने का अधिकार होता है। हालांकि फैसला पूरी तरह मौके की स्थिति और उपलब्ध सीटों पर निर्भर करता है।
ये भी पढ़ें : Kabaddi खिलाड़ी हत्याकांड में बड़ा मोड़, मुठभेड़ में ढेर हुआ मास्टर सपोर्टर गैंगस्टर
कितना देना पड़ सकता है जुर्माना
अगर यात्री गलत ट्रेन में पाया जाता है, तो टीटीई उस ट्रेन का पूरा किराया वसूल सकता है, जिसमें यात्री सफर कर रहा है। इसके अलावा जुर्माना भी लगाया जाता है। स्लीपर क्लास में यह जुर्माना आमतौर पर न्यूनतम तय रकम के साथ किराया अंतर होता है। एसी कोच में यह राशि और ज्यादा हो सकती है क्योंकि सुपरफास्ट चार्ज और अन्य शुल्क भी जुड़ जाते हैं। लंबी दूरी के सफर में यह जुर्माना सैकड़ों से लेकर हजारों रुपये तक पहुंच सकता है।
कब मिल सकती है राहत
कुछ खास परिस्थितियों में यात्री को राहत भी मिल सकती है। अगर दोनों ट्रेनें एक ही रूट पर चल रही हों और सीट उपलब्ध हो, तो टीटीई यात्री को उसी ट्रेन में आगे की यात्रा की अनुमति दे सकता है। कई बार सही ट्रेन में अगले स्टेशन पर शिफ्ट करने का विकल्प भी दिया जाता है। लेकिन यह पूरी तरह टीटीई के विवेक पर निर्भर करता है। इसलिए सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि ट्रेन में चढ़ने से पहले ट्रेन नंबर, नाम और कोच की सही जांच कर ली जाए। थोड़ी सी सावधानी आपको भारी जुर्माने और झंझट से बचा सकती है।