मंगलवार शाम भारत में एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) की सर्विस अचानक ठप हो गई। यूजर्स ने बताया कि उनकी फीड लोड नहीं हो रही थी और वेबसाइट बार-बार रिफ्रेश करने का मैसेज दिखा रही थी। आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector ने भी इसकी पुष्टि की। कई लोगों ने कहा कि वेबसाइट बिल्कुल नहीं खुली, जबकि ऐप कुछ देर तक चल रहा था। यह आउटेज करीब शाम 5 बजे शुरू हुआ और कुछ ही मिनट में शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी।
Downdetector पर 1200 से ज्यादा रिपोर्ट
Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक शाम 5:06 बजे तक भारत से X डाउन होने की 1200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। इनमें से 49% शिकायतें फीड न खुलने, 29% वेबसाइट क्रैश होने और 22% सर्वर कनेक्शन एरर से जुड़ी थीं। जब यूजर्स ने वेबसाइट खोली, तो स्क्रीन पर मैसेज आया— “कुछ गड़बड़ हो गई है, दोबारा लोड करने का प्रयास करें।” हमारी टीम ने भी वेबसाइट पर एक्सेस करने की कोशिश की, लेकिन फीड बिल्कुल लोड नहीं हुई, जबकि मोबाइल एप आंशिक रूप से चल रहा था।
ये भी पढ़ें : भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों पर, 2026 में भी दुनिया की चौथी सबसे बड़ी Economy बनी रहेगी
आउटेज केवल भारत तक सीमित नहीं
ये दिक्कत सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि अमेरिका और यूके में भी देखी गई। Downdetector के अनुसार ग्लोबल आउटेज 5:20 बजे तक जारी रहा। अमेरिका में X तक पहुंचने में परेशानी की 10,000 से ज्यादा रिपोर्ट दर्ज की गईं। आंकड़े बताते हैं कि अमेरिका में सबसे ज्यादा दिक्कत मोबाइल ऐप में आई, जबकि वेबसाइट से जुड़ी 61% शिकायतें और सर्वर कनेक्शन से जुड़ी 11% शिकायतें सामने आईं। यूके के यूजर्स ने भी प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में बड़ी दिक्कत बताई।
कंपनी की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं
भारत, अमेरिका और यूके में एक साथ आउटेज आने के बाद यूजर्स सोशल मीडिया पर अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए सवाल उठा रहे हैं कि आखिर X की ग्लोबल सर्विस एक साथ क्यों ठप हो गई। हालांकि, एलन मस्क या X की टेक टीम की ओर से अभी तक किसी भी तकनीकी समस्या या कारण पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल सर्विस धीरे-धीरे बहाल होने लगी है, लेकिन कई यूजर्स अभी भी फीड और टाइमलाइन लोड न होने की शिकायत कर रहे हैं।