Yogi Government Big Decision: उत्तर प्रदेश सरकार ने ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। श्रम विभाग की बैठक में तय किया गया कि राज्य के बड़े संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों में हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही कार्यालयों को अलग-अलग शिफ्ट में खोलने का निर्णय भी लिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे ट्रैफिक और ईंधन की खपत कम होगी।
बड़े संस्थानों और उद्योगों में लागू होगी व्यवस्था
श्रम विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक 50 से ज्यादा कर्मचारियों वाली कंपनियों और बड़े संस्थानों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत कर्मचारियों को हफ्ते में दो दिन घर से काम करने की सुविधा दी जाएगी। साथ ही ऑफिसों में अलग-अलग समय पर शिफ्ट शुरू करने पर जोर दिया गया है ताकि भीड़ कम हो सके।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की तैयारी
सरकार ने कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की अपील भी की है। इसके अलावा कारपूलिंग, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब पश्चिम एशिया के तनाव के कारण ईंधन संकट और कीमतों को लेकर चिंता बढ़ रही है।
यह भी देखेंःPM Modi Sweden Visit: स्वीडन पहुंचे पीएम मोदी, ट्रेड-टेक्नोलॉजी समेत कई अहम मुद्दों पर होगी बड़ी बातचीत
CM योगी ने पहले ही दिया था प्रस्ताव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में वर्क फ्रॉम होम और ईंधन बचत को लेकर कई सुझाव दिए थे। उन्होंने 50 से अधिक कर्मचारियों वाली कंपनियों में हाइब्रिड वर्क मॉडल अपनाने पर जोर दिया था। साथ ही मंत्रियों और अधिकारियों से सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाने की अपील की थी।
सरकारी खर्च और ईंधन बचाने पर फोकस
सरकार ने सरकारी वाहनों के उपयोग में 50 प्रतिशत तक कटौती, वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा और विदेश यात्राओं में कमी जैसे कदम भी सुझाए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन मेट्रो, बस या अन्य सार्वजनिक साधनों से यात्रा करने की अपील की है।