Yu Zidi Gold Medal : एशियन गेम्स 2026 में जहां भारत के 15 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी चर्चा में हैं, वहीं चीन की 13 साल की तैराक यू जिडी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कम उम्र में बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए यू जिडी ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है।
200 मीटर बटरफ्लाई में गोल्ड पर कब्जा
चीन की युवा तैराक यू जिडी ने महिला 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने यह रेस 2 मिनट 05.08 सेकंड में पूरी की। खास बात यह रही कि उन्होंने तीन साल पुराना एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड चीन की ही झांग जुफेई के नाम था।
प्रतिद्वंद्वियों को छोड़ा काफी पीछे
यू जिडी ने फाइनल मुकाबले में अपनी हमवतन चांग मोहन को 3.36 सेकंड के बड़े अंतर से पीछे छोड़ा। तैराकी जैसे खेल में यह अंतर काफी बड़ा माना जाता है। उनकी इस जीत ने साबित कर दिया कि आने वाले वर्षों में वह चीन की सबसे बड़ी उम्मीदों में से एक होंगी।
पहले भी दिखा चुकी हैं कमाल
यू जिडी का यह पहला बड़ा कारनामा नहीं है। पिछले साल सिर्फ 12 साल की उम्र में उन्होंने विश्व तैराकी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह विश्व तैराकी चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ियों में शामिल हो गई थीं। इसके अलावा इसी साल उन्होंने अमेरिका की स्टार तैराक रेगन स्मिथ को हराकर भी सुर्खियां बटोरी थीं।
लॉस एंजिल्स ओलंपिक पर नजर
चीन में यू जिडी को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक का बड़ा दावेदार माना जा रहा है। इतनी कम उम्र में लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय तैराकी का उभरता हुआ सुपरस्टार बना दिया है। खेल विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो आने वाले वर्षों में वह कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : सहवाग के बेटे ने मचाया धमाल, फिर एक गलती से टूट गया सपना! पहली फिफ्टी से चूक गए आर्यवीर
वैभव सूर्यवंशी से हो रही तुलना
एशियन गेम्स में यू जिडी और भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तुलना भी हो रही है। जहां 13 साल की यू जिडी ने तैराकी में इतिहास रचा है, वहीं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। कम उम्र में बड़े मंच पर दोनों खिलाड़ियों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि खेल जगत को भविष्य के नए सितारे मिल चुके हैं।