आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह फ्रेंचाइजी के सपोर्ट स्टाफ से जुड़ सकते हैं। बताया जा रहा है कि टीम के सह-मालिक जेएसडब्ल्यू अगले दो साल के लिए क्रिकेट संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जिसके बाद कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पूरे सपोर्ट सिस्टम का प्रमुख बनाया जा सकता है।
पहली बार कोचिंग की भूमिका में दिख सकते हैं युवराज
अगर यह फैसला होता है तो युवराज सिंह पहली बार किसी आईपीएल टीम के साथ आधिकारिक कोचिंग भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कई युवा खिलाड़ियों के साथ व्यक्तिगत स्तर पर काम किया है। अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, संजू सैमसन, प्रियांश आर्य और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों को युवराज से काफी मदद मिली है। खास तौर पर अभिषेक शर्मा की सफलता के बाद युवराज की ट्रेनिंग शैली की काफी चर्चा हुई थी।
फ्रेंचाइजियों की नजर में हैं युवराज
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कई आईपीएल टीमों ने युवराज सिंह के काम करने के तरीके को पसंद किया है। क्रिकेट जगत का मानना है कि युवराज युवा खिलाड़ियों को मानसिक और तकनीकी रूप से बेहतर तैयार करने की क्षमता रखते हैं। यही वजह है कि अब उन्हें टीम के डगआउट में बड़ी जिम्मेदारी देने की चर्चा तेज हो गई है। अगर यह फैसला होता है तो दिल्ली कैपिटल्स के युवा खिलाड़ियों को उनके अनुभव का सीधा फायदा मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें : 65 हजार के बल्ले पर खेला गया दांव, अब भारत की अंडर-19 टीम का कप्तान बना ग्वालियर का बेटा, पढ़ें संघर्ष की पूरी
शानदार रहा है युवराज का करियर
युवराज सिंह भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप जीत में उनकी भूमिका बेहद अहम रही थी। उन्होंने भारत के लिए 304 वनडे मैचों में 8701 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 52 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 40 टेस्ट मैचों में 1900 रन और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1177 रन बनाए। अब अगर युवराज सिंह आईपीएल 2027 में कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनते हैं तो यह उनके क्रिकेट करियर का नया अध्याय होगा और दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी एक बड़ा कदम माना जाएगा।