Gen Z's New Diwali Trend: दिवाली पर अब सिर्फ परिवार और दोस्तों के लिए गिफ्ट खरीदना ही युवाओं की पहली पसंद नहीं रह गया है। युवा अब अपने लिए भी तोहफे खरीद रहे हैं। किसी को उसकी पसंद का गिफ्ट देना हो या खुद के लिए कुछ खास खरीदना हो, इस बार खरीदारी का अंदाज थोड़ा अलग दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि गिफ्ट चुनने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की भी मदद ली जा रही है। इससे त्योहारों की खरीदारी में एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है।
गिफ्ट चुनने के लिए एआई की मदद
अब गिफ्ट खरीदने से पहले लोग सिर्फ दुकानों या ऑनलाइन वेबसाइट पर चीजें नहीं तलाशते, बल्कि एआई से भी सुझाव लेते हैं। किसी दोस्त को क्या पसंद है, उसकी पसंद के हिसाब से कौन सा गिफ्ट अच्छा रहेगा, ऐसे सवालों के जवाब पाने के लिए युवा चैटबॉट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
हर चौथा युवा ले रहा है एआई का सहारा
रुकम कैपिटल और यूगोव की एक स्टडी में 18 से 29 साल के 4,002 लोगों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 25 प्रतिशत युवा गिफ्ट के आइडिया के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, 41 प्रतिशत लोग ऑनलाइन सर्च से गिफ्ट के सुझाव लेते हैं। इससे पता चलता है कि खरीदारी के फैसलों में डिजिटल टूल्स की भूमिका बढ़ रही है। अब लोग गिफ्ट चुनने के लिए इंटरनेट पर नए तरीके भी अपना रहे हैं।
खुद के लिए गिफ्ट खरीदना भी बना पसंद
इस ट्रेंड में सेल्फ गिफ्टिंग यानी खुद को तोहफा देने का चलन भी शामिल है। स्टडी के अनुसार, करीब 10 में से 3 युवा अपने लिए भी गिफ्ट खरीदते हैं। वहीं, 60 प्रतिशत लोगों ने बताया कि त्योहारों के दौरान उनका खर्च बढ़ जाता है। युवा अब अपनी पसंद, जरूरत और शौक को भी खरीदारी में जगह दे रहे हैं। हालांकि, बढ़ते खर्च के बीच बजट का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।
महंगे गिफ्ट से ज्यादा पसंद आ रही पर्सनल चीजें
आज के युवा सिर्फ महंगे गिफ्ट देखकर फैसला नहीं लेते, बल्कि ऐसी चीजें पसंद करते हैं जो सामने वाले की पसंद से जुड़ी हों। पर्सनलाइज्ड मग, फोटो केक, डेस्क एक्सेसरीज, घर की सजावट का सामान और छोटे कारोबारियों के बनाए प्रोडक्ट भी पसंद किए जा रहे हैं। कई लोग यह भी जानना चाहते हैं कि प्रोडक्ट किसने बनाया और उसका इस्तेमाल कितना काम का है। यही वजह है कि इस दिवाली गिफ्ट देने का अंदाज सिर्फ खरीदारी नहीं, बल्कि पसंद और सोच से भी जुड़ रहा है।